हरियाणा के पंचकूला में क्राइम ब्रांच की टीम ने पंजाब के एक युवक को नशे की बड़ी खेप के साथ गिरफ्तार किया है। आरोपी के खिलाफ पंचकूला सेक्टर-20 थाना में केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। आरोपी को कल कोर्ट में पेश कर रिमांड पर लिया जाएगा। पंचकूला क्राइम ब्रांच-26 की टीम ने गुप्त सूचना के आधार पर सेक्टर-20 एरिया में छापेमारी कर एक युवक को काबू किया। आरोपी पंजाब का रहने वाला है। जिसके कब्जे से 3 किलो हेरोइन बरामद हुई है। जिसकी मार्केट में कीमत करीब 10 करोड़ रुपए बताई जा रही है। क्राइम ब्रांच की टीम ने आरोपी के कब्जे से 14 लाख रुपए कैश भी बरामद किया है। नशे के बड़े नेटवर्क का कल होगा खुलासा पुलिस ने आरोपी के खिलाफ सेक्टर-20 थाना में केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में यह सामने आ रहा है कि आरोपी किसी बड़े नशा तस्करी नेटवर्क से जुड़ा हो सकता है। पुलिस अब इस पूरे नेटवर्क की कड़ियां खंगालने में जुटी है। पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, आरोपी को कल कोर्ट में पेश किया जाएगा, जहां से उसे रिमांड पर लेकर पूछताछ की जाएगी, ताकि नशे के इस बड़े नेटवर्क का खुलासा किया जा सके।