हरियाणा के नारनौल में यूथ कांग्रेस के जिला अध्यक्ष पुनीत बुलान की मां के नाम आया 78 करोड़ रुपए से अधिक का बिजली बिल आखिरकार बिजली निगम ने ठीक कर दिया है। अब यह बिल घटकर मात्र 954 रुपए रह गया है। बिल में सुधार होने के बाद परिवार ने राहत की सांस ली है। जानकारी के अनुसार, गांव हसनपुर निवासी यूथ कांग्रेस जिला अध्यक्ष पुनीत बुलान की मां बीमला देवी के नाम दक्षिणी हरियाणा बिजली वितरण निगम की ओर से 78 करोड़ 92 लाख रुपए का बिजली बिल जारी कर दिया गया था। बिल का मैसेज पुनीत बुलान के मोबाइल फोन पर आया। इतना बड़ा बिल देखकर वे हैरान रह गए और तुरंत इस मामले को उठाया गया। दैनिक भास्कर की खबर का असर इस चौंकाने वाले बिल को दैनिक भास्कर ने प्रमुखता से प्रकाशित किया था। खबर सामने आने के बाद बिजली निगम के अधिकारियों ने मामले का संज्ञान लिया और बिल की जांच शुरू की। जांच में तकनीकी त्रुटि सामने आने पर बिल को दुरुस्त कर दिया गया। अब संशोधित बिल केवल 954 रुपए का रह गया है। पुनीत ने भास्कर का आभार व्यक्त किया पुनीत बुलान ने बताया कि इस मुद्दे को मीडिया ने गंभीरता से उठाया, जिसके बाद बिजली निगम को अपनी गलती सुधारनी पड़ी। उन्होंने दैनिक भास्कर का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि खबर प्रकाशित होने से ही समस्या का समाधान संभव हो सका। कुमारी सैलजा भी उठाया था मामला उन्होंने यह भी बताया कि इस मामले को कांग्रेस के सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर भी प्रमुखता से साझा किया गया। इंडियन नेशनल कांग्रेस हरियाणा ने खबर को अपने आधिकारिक सोशल मीडिया हैंडल पर पोस्ट किया था। इसके अलावा, सांसद कुमारी सैलजा ने भी इस विषय को लेकर सोशल मीडिया पर पोस्ट साझा की थी।