धार्मिक नगरी हरिद्वार में आबकारी विभाग ने अवैध शराब के खिलाफ कार्रवाई करते हुए बैरागी कैंप क्षेत्र से एक कार में रखी 45 पेटी अंग्रेजी शराब बरामद की है। मौके से दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। देर रात संदिग्ध गतिविधियों की सूचना मिलने पर टीम ने इलाके में चेकिंग अभियान चलाया। इसी दौरान एक कार को रोककर तलाशी ली गई, जिसमें भारी मात्रा में शराब मिली। अधिकारियों के अनुसार बरामद शराब हरियाणा ब्रांड की है और इसे अवैध रूप से उत्तराखंड में लाने की तैयारी थी। फिलहाल दोनों आरोपियों से पूछताछ जारी है। बैरागी कैंप क्षेत्र में चेकिंग के दौरान रात 3 बजे रोकी कार आबकारी विभाग की टीम बैरागी कैंप क्षेत्र में सघन चेकिंग अभियान चला रही थी। इसी दौरान करीब रात 3 बजे एक संदिग्ध कार को रोका गया। तलाशी लेने पर उसमें अंग्रेजी शराब की पेटियां मिलीं, जिसके बाद टीम ने तुरंत कार्रवाई करते हुए वाहन और आरोपियों को कब्जे में ले लिया। हरियाणा से लाई जा रही थी खेप, स्थानीय स्तर पर सप्लाई की योजना प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि शराब हरियाणा से तस्करी कर लाई जा रही थी। इसे हरिद्वार में ऊंचे दामों पर बेचने की योजना थी, जिससे अवैध मुनाफा कमाया जा सके। पकड़े गए आरोपियों में अक्षय हरियाणा के सोनीपत जिले का रहने वाला है, जबकि दूसरी आरोपी महिला है जो दिल्ली की रहने वाली है। दोनों से नेटवर्क के अन्य लोगों के बारे में जानकारी जुटाई जा रही है। कुंभ और धार्मिक आयोजनों के चलते बढ़ाई गई निगरानी आगामी धार्मिक आयोजनों और कुंभ मेला-2027 को देखते हुए जिले में निगरानी बढ़ा दी गई है। अवैध शराब और अन्य गतिविधियों पर रोक लगाने के लिए लगातार अभियान चलाए जा रहे हैं। जिला आबकारी अधिकारी कैलाश बिंजोला ने कहा कि “जनपद में अवैध शराब की तस्करी किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं की जाएगी।” मामले में आबकारी अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।