हरियाणा में राज्यसभा चुनाव में क्रॉस वोटिंग करने वाले कांग्रेस के पांचों विधायकों पर हाईकमान कभी भी फैसला ले सकता है। कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष राव नरेंद्र सिंह ने हाईकमान को डिसिप्लिनरी एक्शन कमेटी (DAC) की रिपोर्ट भेज दी है। दैनिक भास्कर एप की टीम से बातचीत में राव नरेंद्र सिंह सिंह ने कहा कि हाईकमान के साथ-साथ प्रभारी बीके हरिप्रसाद को भी रिपोर्ट भेजी गई है। अब जल्दी क्रॉस वोटिंग करने वाले विधायकों पर एक्शन होगा। DAC की रिपोर्ट में कांग्रेस विधायकों पर स्ट्रिक्ट एक्शन लेने की सिफारिश की गई है। इस पर दैनिक भास्कर ने क्रॉस वोटिंग पर नोटिस का जवाब न देने वाले हथीन विधायक मोहम्मद इसराइल और पुन्हाना विधायक मोहम्मद इलियास से बात की। इसराइल ने कहा कि निर्दलीय उम्मीदवार सतीश नांदल मेरी पसंद थे। कांग्रेस ने मुझे पार्टी से निकाला तो अपने लोगों को इकट्ठा कर फैसला लूंगा। वहीं इलियास ने कहा कि कांग्रेस मुझे अगर निकालना चाहेगी तो निकाल देगी। अभी मैंने दूसरी पार्टी में जाने के बारे में नहीं सोचा। जानिए नोटिस का जवाब ने देने वाले कांग्रेस के दोनों विधायकों ने क्या कहा… बौद्ध ने वोट की अपील नहीं की हथीन विधायक मोहम्मद इसराइल ने कहा कि पार्टी मुझे सस्पेंड नहीं कर सकती। वोट देना मेरा अधिकार है। मैंने बस अपने उसी अधिकारी का प्रयोग किया। निर्दलीय उम्मीदवार सतीश नांदल मेरी पसंद थे, जबकि कांग्रेस उम्मीदवार कर्मवीर बौद्ध पसंद नहीं थे। मैं पहले भी बता चुका हूं कि कर्मवीर बौद्ध ने मुझसे वोट देने की अपील नहीं की। उदयभान उम्मीदवार होते तो वोट देता इसराइल ने आगे कहा कि कांग्रेस अगर चौधरी उदयभान को उम्मीदवार बनाती तो मैं उन्हें वोट देता। पार्टी अगर मुझे निष्कासित करती है तो आने वाले समय में अपने लोगों को एकत्रित करूंगा। इसके बाद ही आगे की रणनीति तैयार की जाएगी। इलाके की जनता से पूछकर आगे का कदम उठाएंगे। मैं कांग्रेस का हिस्सा हूं डिसिप्लिनरी एक्शन कमेटी के नोटिस का जवाब न देने को लेकर इसराइल ने कहा कि मैंने जब कुछ गलत नहीं किया तो जवाब कैसे दिया जाए। जनता ने मुझे चुना है। मेरी जनता के प्रति जवाबदेही है। मैंने कांग्रेस को अभी तक छोड़ा नहीं है। मैं कांग्रेस का ही हिस्सा हूं। पुन्हाना विधायक बोले पार्टी का अपना फैसला पुन्हाना से कांग्रेस विधायक मोहम्मद इलियास ने डिसिप्लिनरी कमेटी के सस्पेंशन की सिफारिश पर कहा कि ये उनका खुद का फैसला है, इस पर मैं कुछ नहीं कह सकता। पार्टी की जो मर्जी हो, वो अपने हिसाब से फैसला ले सकती है। जिन लोगों ने सस्पेंशन की सिफारिश की है तो उनको इसके बारे में ज्यादा पता होगा। क्रॉस वोट पर पूछे गए सवाल पर इलियास ने कहा कि अब सबको पता चल गया है तो इसमें बताना ही क्या है। मेरी तबीयत खराब चल रही है। फिलहाल में राजनीतिक बयानों से दूर हूं। 16 मार्च को हुआ था राज्यसभा चुनाव 16 मार्च को हरियाणा में राज्यसभा की दो सीटों के लिए वोटिंग हुई थी। एक सीट भाजपा के संजय भाटिया और दूसरी सीट कांग्रेस के कर्मवीर बौद्ध ने जीती। निर्दलीय उम्मीदवार के तौर पर सतीश नांदल मैदान में थे। तब सामने आया कि कांग्रेस के 5 विधायकों ने क्रॉस वोटिंग की। कुछ दिन बाद कांग्रेस ने ऐलान किया कि क्रॉस वोटिंग करने वाले विधायकों में हथीन विधायक मोहम्मद इसराइल, पुन्हाना विधायक मोहम्मद इलियास, रतिया विधायक जरनैल सिंह, नारायणगढ़ विधायक शैली चौधरी और साढौरा विधायक रेनू बाला हैं। 20 मार्च को कांग्रेस की डिसिप्लिनरी एक्शन कमेटी ने पांचों विधायकों को शोकॉज नोटिस जारी किए। जरनैल सिंह, शैली चौधरी और रेनू बाला ने नोटिस का जवाब दिया, जबकि मोहम्मद इलियास और मोहम्मद इसराइल ने जवाब नहीं दिया। 3 अप्रैल को चंडीगढ़ में डिसिप्लिनरी कमेटी की मीटिंग हुई। कमेटी ने हाईकमान से पांचों विधायकों पर स्ट्रिक्ट एक्शन लेने की सिफारिश की। —————————- ये खबर भी पढ़ें :- हरियाणा कांग्रेस के क्रॉस वोटिंग वाले पांचों MLA सस्पेंड होंगे:डिसिप्लिनरी कमेटी ने प्रदेशाध्यक्ष को सौंपी रिपोर्ट, हाईकमान से कड़ा एक्शन लेने की सिफारिश हरियाणा कांग्रेस की डिसिप्लिनरी एक्शन कमेटी (DAC) ने राज्यसभा चुनाव के दौरान क्रॉस वोट करने वाले पांचों विधायकों से जुड़ी अपनी रिपोर्ट प्रदेश अध्यक्ष राव नरेंद्र सिंह को सौंप दी। DAC ने अपनी रिपोर्ट ई-मेल के जरिए भेजी। इसमें पांचों विधायकों को सस्पेंड करने और उनके खिलाफ कड़ा एक्शन लेने की सिफारिश की गई। पढ़ें पूरी खबर…