पटना में विधान परिषद गेस्ट हाउस का सीएम नीतीश कुमार ने फीता काटकर उद्घाटन किया। उनके साथ विधान परिषद के सभापति अवधेश नारायण सिंह भी उपस्थित रहे। गेस्ट हाउस के उद्घाटन के बाद नीतीश कुमार के सामने ही जदयू कार्यकर्ताओं ने ‘ निशांत कुमार सीएम जिंदाबाद’ के जमकर नारे लगाए। इस दौरान उनके साथ दोनों डिप्टी सीएम सम्राट चौधरी और विजय कुमार सिन्हा भी मौजूद थे। सीएम नीतीश कुमार मुस्कुराते हुए कार्यकर्ताओं का अभिवादन करते हुए आगे बढ़ गए। यह अतिथि निवास परिषद से जुड़े जनप्रतिनिधियों और आगंतुकों के लिए विशेष सुविधा देगा। उद्घाटन समारोह में कई अतिथि, अधिकारी और जनप्रतिनिधि शामिल हुए। देखिए उद्घाटन कार्यक्रम की तस्वीर…
इस दौरान डिप्टी सीएम विजय सिन्हा ने कहा कि, ‘देश के माननीय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में आज एक राष्ट्र, श्रेष्ठ राष्ट्र का नारा, सबका साथ-सबका विकास का भाव, हर भारतीय को गौरवान्वित कर रहा है। इस अवसर पर सभी मां भारती के संतानों को हमारी शुभकामनाएं।’ बिहार के सम्मान-स्वाभिमान पर चोट स्वीकार्य नहीं- विजय सिन्हा डिप्टी सीएम विजय सिन्हा ने आगे कहा कि, ‘बिहार को जिन लोगों ने कमजोर किया, पीछे किया, गाली बनाया, लज्जित किया। उस राजद-कांग्रेस की मानसिकता को बिहारी ने ऐसा चोट दिया कि जो इतनी बड़ी जनादेश आया है। इसका आदेश विकसित बिहार, स्वाभिमानी बिहार, सम्मानित बिहार का है।’ उन्होंने आगे कहा कि, ‘जिन लोगों ने बिहारी को भाई-भाई में लड़ाया, सामाजिक सौहार्द का माहौल खत्म किया, जाति के जहर के लहर के कहर से नरसंहार का उद्योग चलाया। अब उस बिहार में यह खेल नहीं होने देंगे।’ अब भूमि विवाद मुक्त बिहार बनेगा- विजय सिन्हा डिप्टी सीएम विजय सिन्हा ने आगे कहा कि, ‘बालू माफिया हो या भू माफिया हो, भाई भाई का लहू नहीं बहाएगा। भूमि विवाद मुक्त बिहार बनेगा। बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार जी और देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी के नेतृत्व में विकसित बिहार बनेगा।’ बिहार विधान परिषद गेस्ट हाउस पहुंचे सीएम नीतीश की तस्वीरें…