पंजाब में घर-घर डबल इंजन मॉडल के फायदे बताएंगे भाजपाई:चुनाव से पहले जनसंपर्क अभियान,​ भाजपा के स्थापना दिवस पर घरों पर झंडे लगाएंगे कार्यकर्ता

पंजाब विधानसभा चुनाव में भारतीय जनता पार्टी डबल इंजन मॉडल को लेकर पब्लिक के बीच जाएगी। भाजपा ने अपने कार्यकर्ताओं को लोगों से जनसंपर्क करने को कह दिया है। पार्टी कार्यकर्ताओं को स्पष्ट कहा गया है कि जनसंपर्क के दौरान वो मतदाताओं को डबल इंजन की सरकार के फायदे गिनाएंगे। भाजपा कार्यकर्ताओं को इसके बाकायदा पूरे प्रदेश में प्रशिक्षण दिया जा रहा है। लुधियाना के दो हलको में प्रशिक्षण कैंप पूरे हो गए हैं। भाजपा स्थापना दिवस यानि आज से कार्यकर्ता जनसंपर्क अभियान की शुरुआत करने जा रहे हैं। भारतीय जनता पार्टी स्थापना दिवस के मौके पर ब्लॉक, मंडल व जिला स्तर पर विभिन्न कार्यक्रम करवा रही है। वहीं पार्टी हाईकमान ने कार्यकर्ताओं को कहा है कि वो अपने घरों में पार्टी के झंडे लगाएं और जनसंपर्क करें। भाजपा के ब्लॉक से लेकर मंडल व जिला स्तर के पदाधिकारियों के साथ साथ कार्यकारिणी सदस्यों को अब रोजाना लोगों से मिलना होगा। नेताओं को जनसंपर्क की पार्टी स्तर पर बाकायदा मॉनिटरिंग भी की जाएगी। स्थापना दिवस से जनसंपर्क पर जोर
श्री निवासुलु ने बताया कि स्थपना दिवस से पूरे प्रदेश में कार्यकर्ता जनसंपर्क पर जोर देंगे। उन्होंने कहा कि अधिक से अधिक लोगों को मिलकर पार्टी की गतिविधियों के बारे में बताया जाएगा। इसके अलावा हर कार्यकर्ता के घर में भाजपा का झंडा लगाने को कहा गया है। उन्होंने कहा कि अगले भाजपा स्थापना दिवस तक पंजाब में भाजपा की सरकार बनाने के लिए प्रत्येक कार्यकर्ता को जमकर मेहनत करनी होगी। कार्यकर्ताओं के शिविर लगा रही भाजपा भारतीय जनता पार्टी ने विधानसभा चुनाव 2027 के लिए कार्यकर्ताओं को तैयार करना शुरू कर दिया है। भाजपा पूरे प्रदेश में विधानसभा स्तर पर कार्यकर्ताओं के कैंप लगा रही है। कैंप में संगठन महामंत्री से लेकर प्रदेश के बड़े नेता पहुंच रहे हैं। इन शिविरों में कार्यकर्ताओं को ट्रेंड किया जा रहा है ताकि वो फील्ड में जाकर लोगों को डबल इंजन की सरकार के फायदे गिना सकें। इसके अलावा पार्टी इन शिविरों में कार्यकर्ताओं से फीडबैक भी ले रही है ताकि विधानसभा चुनाव के लिए तैयारियां की जा सके। पंडित दीनदयाल उपध्याय महाअभियान में दी जा रही ट्रेनिंग भाजपाप्रदेश भर में ‘पंडित दीनदयाल उपाध्याय प्रशिक्षण महाअभियान-2026’ (प्रशिक्षण कैंप) लगा रही है। लुधियाना में केंद्रीय हल्का व उतरी हलके में कैंप लगाए गए है। केंद्रीय हलके का प्रशिक्षण कैंप देवकी देवी जैन कॉलेज व उतरी हलके का प्रशिक्षण कैंप अल्पाइन वुड पब्लिक स्कूल में लगाए गए। इनमें कार्यकर्ताओं को पार्टी की विचारधारा, संगठन के मूल सिद्धांतों, केंद्र सरकार की उपलब्धियों और डिजिटल टूल्स (नमो ऐप, एआई) के बारे में प्रशिक्षित किया जा रहा है। इन शिवरों में भाजपा प्रदेश के संगठन महामंत्री श्री निवासुलु व मंजीत सिंह राय ने कार्यकर्ताओं को विधानसभा चुनावों के लिए तैयार रहने को कहा।
प्रशिक्षण शिविरों में ये नेता रहे उपस्थित भाजपा के प्रदेश के महामंत्री अनिल सरीन,कोषाध्यक्ष गुरदेव शर्मा देबी, प्रवीन बंसल, सौरव कपूर, पूर्व जिला अध्यक्ष सुभाष वर्मा, राजीव कतना, विपन सूद काका, सुभाष डाबर, जिला भाजपा महामंत्री नरेंद्र सिंह मल्ली, यशपाल जनोत्रा, डाक्टर कनिका जिंदल, उपाध्यक्ष डाक्टर निर्मल नय्यर, मनीष चोपड़ा लक्की, नवल जैन, अश्वनी टंडन, सोशल मीडिया सचिव राजन पांधे, प्रेस सचिव डा.सतीश कुमार, पार्षद पूनम रतड़ा, दीक्षा बत्रा, सुमन वर्मा, रोहित सिक्का, गुरदीप सिंह नीटू, यशपाल चौधरी, देवी सहाय टंडन, युवा मोर्चा प्रधान रवि बत्रा, मंडलों के प्रधानों में हिमांशु कालड़ा, दीपक जौहर, अमित मित्तल, केशव गुप्ता, नवीन वडेरा, अमित शर्मा, अशोक राणा, चिराग अरोड़ा, अजय पाल दिसावर व अन्य ने प्रशिक्षण कैंपों में हिस्सा लिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *