करनाल जिले के गांव गोल्ली में एक बच्चे को मंदिर में खेलने से रोकने के विवाद ने मारपीट का रूप ले लिया। जब बहन ने विरोध किया, तो पड़ोस की महिला और उसकी बेटी ने युवती के साथ कथित रूप से मारपीट की। घायल युवती का मेडिकल कराया गया, जिसमें चोटों की पुष्टि हुई है। पुलिस ने शिकायत के आधार पर दोनों आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। मंदिर में खेलने को लेकर विवाद गांव गोल्ली के तन्नू ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि 29 मार्च को दोपहर करीब 1 बजे उसका छोटा भाई परमीत (उम्र 8 साल) गांव के मंदिर (समाध) में खेलने गया था। वहां पड़ोस की अनिता और उसकी बेटी अंजुषा ने उसे खेलने से मना किया और चप्पल से मार दिया। परमीत रोते हुए घर लौटा और उसने पूरी बात अपनी बहन को बताई। विरोध करने पर युवती से की मारपीट इसके बाद तन्नू अपने भाई को लेकर अनिता के घर के बाहर पहुंची और उससे पूछताछ की। आरोप है कि इस दौरान अनिता और उसकी बेटी ने उसे धमकी दी और गालियां देने लगी। जब तन्नू अपने भाई के साथ वापस घर लौटने लगी, तो दोनों ने रास्ता रोक लिया। आरोप है कि अनिता और अंजुषा ने उसके बाल पकड़कर थप्पड़ और मुक्कों से मारपीट की। साथ ही उसका दाहिना हाथ मरोड़ दिया, जिससे उसकी कलाई में चोट आई। धक्का देकर गिराया, कमर में लगी चोट तन्नू ने बताया कि मारपीट के दौरान उसे पकड़कर जोर से बुग्गी (गाड़ी) की तरफ धक्का दिया गया, जिससे उसकी कमर में भी चोट आई। उसके शोर मचाने पर आसपास के लोग दलबीर, बिन्द्र, अनिल व अन्य मौके पर पहुंचे और उसे आरोपियों से छुड़वाया। जान से मारने की धमकी का आरोप पीड़िता के अनुसार जाते-जाते अनिता और अंजुषा ने उसे धमकी दी, कि अगर दोबारा उनके सामने आई, तो जान से मार देंगे। इतना ही नहीं, उन्होंने कहा कि आत्महत्या कर पूरे परिवार को फंसा देंगे। पीड़िता का कहना है कि दोनों अब भी उसे और उसके भाई को लगातार धमका रही हैं। केस दर्ज कर जांच में जुटी पुलिस मामले में पुलिस चौकी बल्ला के एएसआई रोहताश ने बताया कि युवती के साथ मारपीट का मामला सामने आया है, जिसकी शिकायत मिली है। पुलिस ने जांच के बाद पाया कि तन्नू के साथ मारपीट की घटना सही है। इसके आधार पर थाना मूनक में मुकदमा बीती रात को केस दर्ज किया गया है। मामले की जांच संबंधित अधिकारी को सौंप दी गई है। पुलिस का कहना है कि सभी पहलुओं की जांच की जा रही है और दोषियों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।