पंजाब- दंपती के 4 बेटों की नशे से मौत:मां बोली- 5वां बिस्तर पर, डॉक्टर कह रहे- नसें नहीं मिल रहीं, अब यही आखिरी बेटा बचा

कपूरथला के सुल्तानपुर लोधी में नशे से दंपती के 4 बेटों की मौत हो गई। 5वां बेटा भी अब इसी वजह से बिस्तर पर पड़ा है। उसे सांस लेने में मुश्किल हो रही है। यहां तक कि डॉक्टर भी अब जवाब दे चुके हैं। इसे देखते हुए परिवार और मोहल्ले के लोग भड़क गए। उन्होंने प्रदर्शन कर कहा कि यहां के युवाओं को बचाया जाए। पिछले कुछ सालों में यहां 20 के करीब युवकों की मौत हो चुकी है। कपूरथला के SSP गौरव तूरा ने भरोसा दिया कि पूरे इलाके में सर्च ऑपरेशन चलाकर नशा बेचने और सप्लाई करने वालों की पहचान कर उन पर कार्रवाई की जाएगी। वहीं अब सीएम के आदेश गांव में एंबुलेंस भेजी गई। इसके बाद युवक को सुल्तानपुर लोधी के सिविल अस्पताल ले जाया गया, वहां पर नसें नहीं मिलने के कारण उसे अमृतसर के मेडिकल कॉलेज भेज दिया है, जहां उसका इलाज चल रहा। उधर, केंद्रीय राज्यमंत्री रवनीत बिट्‌टू ने सोशल मीडिया (X) पर लिखा- केजरीवाल पंजाब में यह कुछ करवा रहे। पंजाब से कितने पैसे इकट्‌ठे करने हैं। तीन बेटों पर NDPS एक्ट का केस दर्ज जानकारी के अनुसार, नशे कारण 8 साल पहले बेटे जसविंदर सिंह की 8 साल पहले मौत हुई। दूसरे बेटे बलविंदर की 7 साल पहले मौत हुई। इसके बाद तीसरे बेटे रवि की मौत 2021 में हो गई थी। उस पर NDPS एक्ट का केस दर्ज था। वहीं चौथे बेटे मिथुन की मौत 2023 में हुई, जिस पर भी NDPS एक्ट का केस दर्ज था। वहीं अब पांचवें बेटे सोनू की भी हालत गंभीर है। उसे अब अमृतसर के मेडिकल कॉलेज में भर्ती करवाया गया है। इस पर भी NDPS एक्ट का केस दर्ज था। मां बोली- 4 को खोया, 5वें की मौत का डर सुल्तानपुर लोधी के पंडोरी मोहल्ले में रहने वाले जोगिंदर पाल सिंह और उनकी पत्नी मनजीत कौर भी रविवार शाम को हुए इस प्रदर्शन में शामिल हुए। मनजीत कौर ने कहा- नशे की वजह से मैं अपने मिथुन और रवि समेत 4 बेटों को खो चुकी हूं। इनमें 2 शादीशुदा और 2 कुंवारे थे। अब 32 साल का 5वां बेटा सोनू भी बिस्तर पर पड़ा है। हमें डर है कि अब इसकी भी मौत हो जाएगी। डॉक्टरों ने कहा- नशे नहीं मिल रहीं मनजीत कौर ने कहा कि जब हम बेटे सोनू को अस्पताल ले गए तो डॉक्टरों ने कहा कि उसकी नशे नहीं मिल रहीं। उसे कोई इंजेक्शन नहीं दे सकते, सिर्फ दवाई ही दे सकते हैं। डॉक्टरों ने भी पूरे इलाज से हाथ खड़े कर दिए। उन्होंने कहा कि सरकार को इसमें हमारी मदद करनी चाहिए ताकि इसकी जान बचा सकें। प्रदर्शन में शामिल एक महिला ने कहा कि उसका बेटा नशे का आदी था। उसने बहुत कोशिश की लेकिन बेटा नशा नहीं छोड़ पाया। इस वजह से बहू ने ही बेटे को छोड़ दिया। जिससे उसकी जिंदगी ही बर्बाद हो गई। मनजीत कौर ने कहा कि CM भगवंत मान के सिर पर जू तक नहीं सरक रही, माताओं के बेटे रूल गए फुल्का, इतने वादे किए थे लोगों के साथ, माताओं के बेटे बचाऊंगा, यह अपनी कुर्सियों को रो रहे हैं, मेरे पांच बेटे थे, अब यह पांचवा है, इसे बचा लो, पहले चार बेटे मर चुके हैं, यह भगवंत मान को ही पता है कि कितना चिट्टा बिक रहा है। उसने बंद नहीं करवाया, मेरा बेटा बचना चाहिए, अभी मेरा एक बेटा 2 साल पहले ही मरा है। लोग बोले- मुंह ढककर आते तस्कर, चिट्‌टा भेज भाग जाते इस मामले में प्रदर्शन करने वाले लोगों ने कहा कि सुल्तानपुर लोधी बाबा नानक की नगरी है। यहां सरेआम नशा बिकक रहा है। तस्कर मुंह ढककर बाइक पर आते हैं। फिर खुलेआम चिट्‌टे की पुड़िया बेचकर फरार हो जाते हैं। हालात यह हैं कि पुलिस थानों के करीब ही अब नशा बेचा जा रहा है। SSP बोले- तस्करों पर एक्शन लेंगे, पीड़ितों का इलाज कराएंगे इस मामले में कपूरथला के SSP गौरव तूरा ने कहा कि जल्द ही पूरे क्षेत्र में तलाशी अभियान चलाया जाएगा। जो भी यहां नशा बेचने आते हैं, उन पर सख्त एक्शन लिया जाएगा। जो लोग नशे से पीड़ित हैं, उन्हें इलाज के लिए प्रेरित किया जाएगा। इसके अलावा उनका इलाज भी कराया जाएगा। 400 दिन में 57 हजार तस्कर पकड़े पंजाब में नशों के खिलाफ मुहिम ‘युद्ध नशों विरुद्ध’ बीते 400 दिन से चल रही है। इस दौरन पुलिस अब तक कुल 57,169 नशा तस्करों को गिरफ्तार किया है। इनके अलावा कई लोगों नशा मुक्ति केंद्र में भर्ती कराया। इसके अलावा जनता से अपील की गई है कि वे एंटी-गैंगस्टर हेल्पलाइन नंबर 93946-93946 के माध्यम से गुप्त रूप से गैंगस्टरों और वांछित अपराधियों के बारे में जानकारी साझा करें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *