लुधियाना के शेरपुर इलाके में ओसवाल कैंसर अस्पताल के पास एक सड़क हादसा हुआ है। यहां एक तेज रफ्तार स्कूटी अनियंत्रित होकर आगे चल रहे ट्रक के पिछले हिस्से से जा टकराई। इस हादसे में एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसके 2 साथी गंभीर रूप से घायल हैं। मरने वाले युवक का सिर और चेहरा बुरी तरह से फट गया, जिस कारण उसकी मौत हुई। जानकारी के अनुसार, एक ही स्कूटी पर 3 युवक सवार होकर जा रहे थे। जब वे ओसवाल अस्पताल के पास पहुंचे, तो उनकी स्कूटी आगे जा रहे ट्रक में पीछे से जोरदार तरीके से टकरा गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि स्कूटी के परखच्चे उड़ गए। दो बच्चों का पिता था विजय हादसे में जान गंवाने वाले युवक की पहचान विजय मसीह के रूप में हुई है। विजय लुधियाना के घाटी मोहल्ला का रहने वाला था। वह गलियों में चादरें बेचने के काम करता है। बताया जा रहा है कि विजय शादीशुदा था और उसके दो छोटे बच्चे हैं। उसकी मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया है। दो की हालत गंभीर, CMC अस्पताल रेफर मौके पर पहुंचे एसएसआई सुभाष ने बताया कि हादसे के वक्त विजय मसीह की मौके पर ही मौत हो चुकी थी। बाकी दो युवकों की सांसें चल रही थीं, लेकिन उनकी हालत बेहद नाजुक थी। दोनों घायल युवकों को तुरंत इलाज के लिए सीएमसी (CMC) अस्पताल भेजा गया है। भाई बोला- दामाद ने फोन करके जानकारी दी मृतक के रिश्तेदार कुश खोसला ने बताया कि विजय मेरी मौसी का बेटा था। उसकी आयु करीब 43 साल थी। विजय के 2 बेटे है। घर से वह अक्सर काम पर जाने का कहकर गया था। हमें हमारे दामाद का फोन आया। उसने हमें बताया कि मामा जी का एक्सीडेंट हुआ है जल्द मौके पर जाने लगे, लेकिन पता चला कि सिविल अस्पताल लेकर गए है। यहां आने पर पता चला कि विजय की मौत हो गई। विजय के साथ उनके 2 साथी थे। पता चला है कि शायद सीएमसी में विजय के एक दोस्त की भी मौत हो गई है, जो अभी कनफर्म नहीं है। अभी तक सिविल अस्पताल में कोई पुलिस प्रशासन का अधिकारी परिवार से बातचीत करने नहीं पहुंचा है। पुलिस की कार्रवाई पुलिस ने घटना स्थल पर पहुंचकर ट्रक और क्षतिग्रस्त स्कूटी को कब्जे में ले लिया है। ट्रक ड्राइवर भी पुलिस हिरासत में है। एसएसआई सुभाष के मुताबिक, पुलिस मामले की जांच कर रही है और प्रत्यक्षदर्शियों के बयान दर्ज किए जा रहे हैं। मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए पुलिस ने कब्जे में लिया है।