फरीदाबाद के एनआईटी थाना क्षेत्र की गांधी कॉलोनी में दसवीं कक्षा में दाखिला न मिलने से आहत होकर एक 16 वर्षीय छात्रा ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और जांच के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए सिविल अस्पताल की मोर्चरी में भिजवा दिया। मिली जानकारी के अनुसार गांधी कॉलोनी में किराये के मकान में रहने वाली 16 वर्षीय करीना सोमवार को अपने पिता सतीश के साथ एनआईटी नंबर-5 स्थित सरकारी स्कूल में दसवीं कक्षा में दाखिले के लिए गई थी। परिजनों के मुताबिक करीना नौवीं कक्षा पास कर चुकी थी और आगे पढ़ाई जारी रखना चाहती थी। कक्षा-10 में दाखिला नहीं मिलने से परेशान थी इसी कारण उसके पिता सुबह सभी जरूरी दस्तावेजों के साथ उसे स्कूल में दाखिले के लिए लेकर पहुंचे थे। बताया गया है कि स्कूल प्रशासन ने करीना को दसवीं कक्षा में दाखिला देने से इनकार कर दिया। स्कूल की ओर से कहा गया कि छात्रा जिस स्कूल से नौवीं कक्षा पास हुई है, उसे वहीं से दसवीं की पढ़ाई पूरी करनी होगी। इसके बाद वह यहां 11वीं कक्षा में दाखिला ले सकती है। घर में अकेली थी यह बात सुनकर करीना काफी आहत हो गई और अपने पिता के साथ वापस घर लौट आई। करीना के पिता सतीश ने बताया कि उनकी बेटी पिछले करीब एक साल से घर पर थी और लगातार पढ़ाई जारी रखने की बात कह रही थी। उन्होंने बताया कि सुबह करीब 11 बजे वह बेटी को घर छोड़कर अपने काम पर चले गए, जबकि उनकी पत्नी भी अपने काम पर गई हुई थी। घर में पंखे से फांसी लगाकर दी जान दोपहर करीब 1 बजे के आसपास करीना ने घर के दूसरे कमरे में पंखे से अपनी चुन्नी का फंदा बनाकर फांसी लगा ली। जब उसकी मां ने दाखिले के बारे में पूछने के लिए उसे फोन किया तो करीना ने फोन नहीं उठाया। शक होने पर उसकी मां तुरंत घर पहुंची तो देखा कि करीना कमरे में पंखे से लटकी हुई थी। मामले की जांच में जुटी पुलिस इसके बाद परिजनों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही एनआईटी थाना पुलिस और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सिविल अस्पताल की मोर्चरी में रखवा दिया। एनआईटी थाना प्रभारी महाबीर ने बताया कि सूचना मिलने के बाद पुलिस टीम मौके पर पहुंची थी। शव को पंखे से उतारकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और पूरे मामले की जांच की जा रही है।