मधेपुरा में अवैध संबंध के शक में पत्नी का मर्डर:कुदाल से पहले गला रेता, घर से 500M दूर गड्ढे में शव को दफनाया

मधेपुरा में रविवार रात अवैध संबंध के शक में पति ने अपनी पत्नी की हत्या कर दी। आरोपी ने पहले कुदाल से पत्नी का गला रेता, फिर शव को घर से घसीटते हुए करीब 500M दूर खेत तक ले गया। वहां ढाई फीट गहरा गड्ढा खोदकर शव को दफना दिया। हत्या के 12 घंटे बाद सोमवार दोपहर आरोपी पति ने थाने पहुंचकर सरेंडर कर दिया। पुलिस ने उससे पूछताछ शुरू कर दी है। मृतका की पहचान सुरेश ऋषिदेव की पत्नी त्रिफुल देवी (36) के रूप में हुई है। घटना गंगारही वार्ड संख्या-4 की है। रात 3 बजे खुली बेटे की नींद, मां-पिता दोनों थे गायब त्रिफुल देवी की शादी करीब 18 साल पहले सुरेश ऋषिदेव से हुई थी। दंपती के एक बेटी और दो बेटे हैं, सभी साथ रहते थे। मृतका के बेटे राकेश कुमार ने बताया कि रविवार रात करीब 11 बजे परिवार के सभी लोग खाना खाकर सो गए थे। राकेश के अनुसार, “रात करीब 3 बजे अचानक मेरी नींद खुली तो घर का मेन दरवाजा खुला हुआ था। मां और पिता दोनों घर पर नहीं थे। उसने दोनों को खोजने की कोशिश की। सुबह करीब 4 बजे पिता घर लौट आए, लेकिन मां का कोई पता नहीं चला। जब मैंने उनसे मां के बारे में पूछा तो उन्होंने कहा- मुझे कुछ पता नहीं। पिता ने कहा कि नींद नहीं आने के कारण वह बाहर टहलने गए थे। इसके बाद परिवार के लोगों ने आसपास काफी खोजबीन की, लेकिन त्रिफुल देवी का कहीं कोई सुराग नहीं मिला।” घर के बाहर कुदाल मिलने से गहराया शक बेटे राकेश ने बताया, “हम लोग मां को ढूंढते हुए गांव से बाहर तक चले गए थे, लेकिन पापा हमारे साथ नहीं आए। सुबह करीब 7 बजे तक मां का कोई पता नहीं चला, तो हम लोग वापस घर लौटने लगे। इसी दौरान गेट के पास एक कुदाल पड़ा दिखा। राकेश के अनुसार, “यह वही कुदाल था, जिसका इस्तेमाल आमतौर पर गोबर फेंकने के लिए किया जाता था, लेकिन उस दिन उस पर ताजी मिट्टी लगी हुई थी। इसे देखकर हमारा शक और गहरा गया।” दादा से पूछताछ में आरोपी ने कबूला जुर्म राकेश ने पूरी बात अपने दादा को बताई। इसके बाद दादा ने सुरेश ऋषिदेव से कड़ाई से पूछताछ की, जिसमें उसने अपना जुर्म कबूल कर लिया। आरोपी ने बताया कि उसने अपनी पत्नी की हत्या कर शव को गांव के बाहर दफना दिया है। यह सुनते ही परिवार के लोग सन्न रह गए। आरोपी ने अपने पिता से कहा कि उसे पत्नी के किसी और के साथ संबंध होने का शक था। इसी वजह से उसने गला रेतकर उसकी हत्या कर दी और शव को खेत में दफना दिया। मिट्टी में दबा मिला शव राकेश ने आगे बताया, “घटना की जानकारी मिलने के बाद हमलोग बताए गए जगह पर पहुंचे, जहां मिट्टी खोदने पर मां का शव बरामद हुआ। शव मिलने के बाद हमने तुरंत पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को गड्ढे से निकालकर कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया है। बेटे ने कहा, आरोपी को इसी तरह से सजा दी जाए, जैसे मेरी मां की हत्या की गई है। आरोपी को बख्शा नहीं जाना चाहिए। मृतका की बेटी कोमल कुमारी ने भी इस घटना की पुष्टि की। उसने बताया, “रात में सभी के सो जाने के बाद उसके पिता ने कुदाल से उसकी मां की हत्या कर दी। फिर शव को घर से दूर ले जाकर दफना दिया।” अवैध संबंध के शक में दिया वारदात को अंजाम पुलिस हिरासत में पूछताछ के दौरान आरोपी सुरेश ऋषिदेव ने बताया, “मुझे अपनी पत्नी पर किसी अन्य युवक के साथ अवैध संबंध होने का शक था। इसी बात को लेकर हम दोनों के बीच अक्सर विवाद होता था। मैंने कई बार त्रिफुल को समझाने की कोशिश की, लेकिन जब बात नहीं बनी तो गुस्से में आकर उसकी हत्या कर दी और शव को दफना दिया।” तीन बच्चों का परिवार उजड़ा मृतका के भाई लोचन ऋषिदेव ने बताया कि उनकी बहन की शादी वर्ष 2008 में गंगारही गांव निवासी सुरेश ऋषिदेव से हुई थी। दंपती के दो बेटे और एक बेटी हैं। उन्होंने कहा कि पति-पत्नी के बीच पहले भी विवाद होते थे, लेकिन हत्या जैसी घटना की उन्होंने कभी कल्पना नहीं की थी। वहीं, घटना के बाद स्थानीय लोगों में आक्रोश है। ग्रामीण आरोपी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग कर रहे हैं। उनका कहना है कि इस तरह की घटनाएं समाज के लिए बेहद चिंताजनक हैं और दोषियों को कड़ी सजा मिलनी चाहिए। जांच में जुटी पुलिस, पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट का इंतजार फिलहाल पुलिस पूरे मामले की छानबीन में जुटी है। अधिकारियों का कहना है कि सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच की जा रही है। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद हत्या से जुड़े अन्य तथ्यों का भी खुलासा हो सकेगा। वहीं, आरोपी से पूछताछ जारी है और जल्द ही उसे न्यायिक हिरासत में भेजा जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *