नारनौल में कोरियावास स्थित महर्षि च्यवन मेडिकल कॉलेज को लेकर एक बार फिर सियासत गरमा गई है। सोमवार को स्वास्थ्य मंत्री आरती राव ने यहां राव तुलाराम अस्पताल और रेडियोलॉजी सेंटर का उद्घाटन किया। इस दौरान मंच से उन्होंने बिना नाम लिए अपने विरोधियों पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि कुछ लोग लगातार आरोप लगाते हैं कि मेडिकल कॉलेज के लिए कोई काम नहीं किया गया, जबकि वास्तविकता इससे बिल्कुल अलग है। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए आरती राव ने कहा कि यदि वह यह कहें कि जितना काम उन्होंने एक साल में किया है, शायद ही उनके विरोधियों ने अपनी पूरी जिंदगी में किया हो, तो यह गलत नहीं होगा। उन्होंने कहा कि पिछले एक वर्ष के दौरान मेडिकल कॉलेज में कई महत्वपूर्ण कदम उठाए गए हैं, जिससे यहां की स्वास्थ्य सुविधाओं में बड़ा सुधार हुआ है। कई कामों की शुरूआत उन्होंने कहा कि बीते एक साल में कोरियावास मेडिकल कॉलेज का उद्घाटन कराया गया, 100 विद्यार्थियों की सीटें स्वीकृत करवाई गईं, ओपीडी सेवाएं शुरू की गईं और यहां डॉक्टरों की तैनाती करवाई गई। इसके साथ ही अब अस्पताल में सीटी स्कैन, एमआरआई, एक्स-रे और अल्ट्रासाउंड जैसी आधुनिक जांच सुविधाएं भी उपलब्ध करवाई गई हैं। बोलीं- मेडिकल कॉलेज में सीटें बढ़ाई जाएंगी स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि अब मेडिकल कॉलेज में आवश्यक स्वास्थ्य सेवाएं और डॉक्टर मौजूद हैं, जिससे क्षेत्र के लोगों को काफी राहत मिलेगी। उन्होंने यह भी कहा कि कुछ लोग अब कहेंगे कि सीटें 100 से बढ़ाकर 150 की जाएं, लेकिन इसके लिए किसी के कहने की जरूरत नहीं है, क्योंकि वह स्वयं इस दिशा में प्रयास कर रही हैं। पूर्व मंत्री कर चुके बयानबाजी दरअसल, महर्षि च्यवन मेडिकल कॉलेज को लेकर स्वास्थ्य मंत्री आरती राव और पूर्व मंत्री डॉ. अभय सिंह यादव के बीच पहले भी कई बार बयानबाजी हो चुकी है। पूर्व मंत्री अभय सिंह यादव और उनके समर्थक सोशल मीडिया पर लगातार यह आरोप लगाते रहे हैं कि मेडिकल कॉलेज में सुविधाओं के विकास को लेकर पर्याप्त काम नहीं किया गया और यहां पढ़ने वाले छात्रों तथा क्षेत्र के लोगों को अपेक्षित सुविधाएं नहीं मिल पा रही हैं। बिना नाम लिए साधा निशाना सोमवार को आयोजित कार्यक्रम के दौरान आरती राव का यह बयान राजनीतिक गलियारों में चर्चा का विषय बन गया है। उन्होंने बिना किसी का नाम लिए अपने विरोधियों के आरोपों का जवाब देते हुए मेडिकल कॉलेज में किए गए कार्यों का हवाला दिया और सरकार की उपलब्धियां गिनाईं। ये लोग रहे मौजूद इस अवसर पर नारनौल के विधायक ओमप्रकाश यादव, मेडिकल कॉलेज के डायरेक्टर बिजेंद्र ढिल्लो, सीएमओ डॉ अशोक कुमार, जिला प्रधान यतेंद्र राव, पूर्व जिला प्रधान दयाराम, मनीष मित्तल, विकास यादव बडकोदा, मनदीप एडवोकेट, सतबीर गहली, चैयरमेन बाबूलाल, राजेन्द्र कुमार भुंगारका, महेश घाटाशेर, संदीप यादव, नरेंद्र झिमरिया, वासुदवे यादव, वैध किशन वशिष्ठ व छत्रपाल रावत मौजूद रहे।