प्राथमिक विद्यालय के शौचालय से 25 पेटी शराब मिली:कक्षा 4 का छात्र नशे में घर पहुंचा, परिजनों ने स्कूल में सूचना दी

बेगूसराय में बछवाड़ा थाना क्षेत्र अंतर्गत बछवाड़ा पंचायत के सिसवा गांव स्थित प्राथमिक विद्यालय सिसवा में उस समय हड़कंप मच गया, जब एक छात्र शराब के नशे में अपने घर पहुंचा। परिजनों की सूचना पर विद्यालय के जर्जर शौचालय से भारी मात्रा में शराब बरामद की गई। पुलिस ने शराब बरामद कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है। नशे की हालत में घर पहुंचने वाले छात्र की पहचान सिसवा गांव निवासी मोहम्मद परवेज आलम के 11 वर्षीय पुत्र मोहम्मद शोएब के रूप में हुई है, जो कक्षा 4 का छात्र है। स्थानीय डॉक्टरों द्वारा उसका इलाज कराया गया है और उसकी हालत फिलहाल ठीक बताई जा रही है। छात्र की मां रिजवाना खातून और चाचा मोहम्मद खुर्शीद ने बताया कि शोएब लड़खड़ाते हुए घर पहुंचा और उसके मुंह से शराब की गंध आ रही थी। दोस्तों से पूछने पर पता चला कि शोएब ने विद्यालय के पीछे बंद पड़े शौचालय के पास रखी शराब पी ली थी। इसके बाद परिजन दोस्तों के साथ विद्यालय पहुंचे और प्रधानाध्यापक को जानकारी दी। प्रधानाध्यापक मोहम्मद मुर्शाली ने बताया कि छात्र के परिजनों ने उन्हें शोएब के नशे में घर पहुंचने की सूचना दी। विद्यालय के पूर्वी भाग में स्थित जर्जर शौचालय की जांच करने पर वहां शराब की कई पेटियां रखी मिलीं। मामले की जानकारी बछवाड़ा पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस विद्यालय पहुंची और जर्जर शौचालय से शराब बरामद की। स्थानीय लोगों के अनुसार, पुलिस ने लगभग 25 पेटियां शराब जब्त की हैं। इस संबंध में थाना प्रभारी परेंद्र कुमार ने पुष्टि की कि प्राथमिक विद्यालय सिसवा से शराब बरामद हुई है और मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *