कनकपुर में लक्ष्मी नारायण महायज्ञ संपन्न:देवी-देवताओं की प्रतिमाएं स्थापित, अंतिम दिन भारी संख्या में श्रद्धालु उमड़े

रोहतास प्रखंड के नवाडीह पंचायत स्थित कनकपुर मौजा में आयोजित श्री लक्ष्मी नारायण महायज्ञ के तहत सोमवार को प्रतिमा स्थापना का कार्यक्रम संपन्न हुआ। इस दौरान सुबह से ही बड़ी संख्या में श्रद्धालु यज्ञ स्थल पर पहुंचने लगे, जिससे पूरा क्षेत्र जयकारों से गूंज उठा। महायज्ञ के क्रम में स्थापित की जाने वाली प्रतिमाओं का नगर भ्रमण आयोजित किया गया। सजे-धजे रथों, गाजे-बाजे और धार्मिक झांकियों के साथ श्रद्धालुओं ने उत्साहपूर्वक इसमें भाग लिया। नगर भ्रमण के दौरान भक्तिमय वातावरण बना रहा और जगह-जगह लोगों ने श्रद्धालुओं का स्वागत किया। नगर भ्रमण के बाद देर शाम तक विधि-विधान के साथ मूर्ति स्थापना और प्राण प्रतिष्ठा का अनुष्ठान किया गया। इसमें भगवान शंकर, भगवान गणेश, मां पार्वती, भगवान कार्तिकेय, शनिदेव, मां दुर्गा और पंचमुखी हनुमान की प्रतिमाएं स्थापित की गईं। यह अनुष्ठान वैदिक मंत्रोच्चार और आचार्यों के निर्देशन में संपन्न हुआ। आयोजकों के अनुसार, महायज्ञ की शुरुआत पूर्व में कलश यात्रा के साथ हुई थी, जिसमें हजारों महिला-पुरुष श्रद्धालुओं ने हिस्सा लिया था। यज्ञ स्थल पर प्रतिदिन धार्मिक अनुष्ठानों के साथ-साथ राम कथा और रासलीला का भी आयोजन किया जा रहा है, जिससे क्षेत्र में आध्यात्मिक माहौल बना हुआ है। महायज्ञ का समापन मंगलवार को भंडारा और पूर्णाहुति के साथ किया जाएगा। इसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के शामिल होने की उम्मीद है। आयोजन को लेकर ग्रामीणों और श्रद्धालुओं में उत्साह देखा जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *