फरीदकोट में व्यापारी से 8 लाख की लूट:भैंसें बेचकर लौट रहा था व्यापारी, ड्राइवर ने हमला कर छीना बैग, पुलिस ने कैंटर किया जब्त

फरीदकोट में भैंसों के एक व्यापारी से 8 लाख की नगदी छीने जाने का मामला सामने आया है। व्यापारी एक कैंटर से डेरा बस्सी पठाना में 15 भैंसें बेचकर वापस फरीदकोट आ रहा था और फरीदकोट पहुंचते ही कैंटर ड्राइवर उससे नकदी लेकर फरार हो गया। इस संबंध में शिकायत मिलने के बाद थाना सदर फरीदकोट पुलिस ने कैंटर ड्राइवर के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है और कैंटर को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। बयान में भोलूवाला रोड फरीदकोट पर रहते मूल रूप से सहारनपुर (यूपी) निवासी अनीश अहमद उर्फ नीटू ने बताया कि वह अपने साथी अजीम उर्फ सब्बू के साथ मिलकर भैंसों की खरीद करता है। 3 अप्रैल को वह 15 भैंसों को बेचने के लिए एक अल्ट्रा कैंटर में डेरा बस्सी पठाना की मंडी गए थे। कैंटर को गांव घुमियारा निवासी सुखविंदर सिंह उर्फ काला चला रहा था। भैंसों की बिक्री के बाद मिले 8 लाख रुपये उन्होंने एक बैग में रख लिए और उसी कैंटर से वापस फरीदकोट लौट रहे थे। कैंटर में ही सो गया था ड्राइवर शिकायत के अनुसार, अनीश अहमद ने पैसों वाला बैग रख लिया था और वह कैंटर में ही सो गया। 6 अप्रैल की सुबह जब वे गांव पिपली के पास पहुंचे, तो कैंटर ड्राइवर सुखविंदर सिंह ने बैग उठाने की कोशिश की, जिससे अनीश की नींद खुल गई। जब उसने ड्राइवर से गांव पिपली आने का कारण पूछा तो ड्राइवर ने वाहन सड़क किनारे रोक लिया और टूल बॉक्स से लोहे की बड़ी चाबी निकालकर अनीश के सिर पर हमला कर दिया। इसके बाद वह 8 लाख की नगदी से भरा बैग छीनकर कैंटर छोड़कर मौके से फरार हो गया। आरोपी की तलाश में छापेमारी की जा रही है: जांच अधिकारी इस मामले के जांच अधिकारी एएसआई कर्मजीत सिंह ने बताया कि पीड़ित के बयान के आधार पर आरोपी ड्राइवर सुखविंदर सिंह उर्फ काला के खिलाफ केस दर्ज कर लिया गया है। पुलिस टीम आरोपी की तलाश में छापेमारी कर रही है और जल्द ही उसे गिरफ्तार कर नगदी बरामद कर ली जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *