रोपड़ में मंगलवार को भाखड़ा डैम मार्ग पर भाखड़ा ब्यास प्रबंधन बोर्ड के डेली वेज कर्मचारियों, सेवानिवृत्त कर्मचारी यूनियन और विभिन्न संगठनों ने जोरदार प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने पंजाब-हिमाचल सीमा पर स्थित बरमला बैरियर पर BBMB की ट्रेन और बसों को रोक दिया, जिससे ट्रैफिक बाधित हुआ। यह धरना कर्मचारियों की लंबित मांगों को लेकर आयोजित किया गया है। इसमें बड़ी संख्या में डेली वेज कर्मचारी, सेवानिवृत्त कर्मचारी और यूनियन नेता शामिल हुए। उन्होंने BBMB प्रबंधन के खिलाफ नारेबाजी करते हुए अपनी मांगों को तुरंत पूरा करने की मांग की। समस्याओं के समाधान के लिए कर रहे संघर्ष
प्रदर्शनकारियों का कहना है कि वे लंबे समय से अपनी समस्याओं के समाधान के लिए संघर्ष कर रहे हैं। उनकी मुख्य मांगों में पूरे साल रोजगार उपलब्ध कराना, दिहाड़ी बढ़ाना और कई वर्षों से अस्थायी रूप से कार्यरत कर्मचारियों को स्थायी करना शामिल है। BBMB का कोई भी उच्च अधिकारी मौके पर नहीं पहुंचा
कर्मचारियों ने आरोप लगाया कि धरने के दौरान BBMB का कोई भी उच्च अधिकारी मौके पर नहीं पहुंचा, जिससे उनमें भारी नाराजगी है। यूनियन नेताओं ने चेतावनी दी कि यदि उनकी मांगों पर जल्द ध्यान नहीं दिया गया, तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा। शाम 4 बजे तक धरना जारी रखने की
यह धरना शाम 4 बजे तक जारी रहने की घोषणा की गई है। प्रदर्शन के कारण भाखड़ा डैम की ओर जाने वाले मार्ग पर आवाजाही प्रभावित रही। प्रशासन स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं।