लुधियाना के स्कूल में हथियारबंद हमलावरों का तांडव:कैंपस में घुसकर तोड़फोड़ की, दस्तावेज नष्ट किए; पुलिस मामले की जांच में जुटी

लुधियाना के मॉडल टाउन स्थित गुरु नानक एजुकेशन ट्रस्ट (गुजरखान कैंपस) में बीते सोमवार सुबह उस वक्त दहशत फैल गई, जब कुछ हमलावरों ने हथियारों के साथ स्कूल परिसर में घुसकर जमकर उत्पात मचाया। आरोपियों ने न केवल स्कूल की संपत्ति को नुकसान पहुंचाया, बल्कि जरूरी दस्तावेज भी खुर्द-बर्द कर दिए। थाना मॉडल टाउन पुलिस ने इस मामले में जांच के दो दिन बाद एक आरोपी को नामजद किया है। पुलिस ने शिकायत के आधार पर आरोपी की पहचान भी कर ली है। आरोपी का नाम सरनबीर सिंह सरना है। आरोपी न्यू मॉडल टाउन का रहने वाला है। सुबह 9:30 बजे स्कार्पियो से पहुंचे हमलावर
शिकायतकर्ता और ट्रस्ट के जनरल सेक्रेटरी गुरविंदर सिंह सरना (निवासी बीआरएस नगर) ने पुलिस को बताया कि 6 अप्रैल 2026 की सुबह करीब 9:30 बजे उन्हें स्कूल से फोन आया कि कुछ लोग जबरन कैंपस में घुस आए हैं। हमलावर सफेद रंग की स्कार्पियो (नंबर PB-10-CK-5200) में सवार होकर आए थे। उनके पास पिस्टल और अन्य घातक हथियार थे। डायरेक्टर रूम का ताला तोड़ा, नोटिस फाड़े
ट्रस्टी ने बताया कि स्कूल और बच्चों की सुरक्षा के लिए परिसर में गार्ड तैनात किए गए थे और नोटिस बोर्ड पर जरूरी हिदायतें लगाई गई थीं। आरोपियों ने आते ही डायरेक्टर रूम के बाहर लगा नोटिस फाड़ दिया। कमरे का ताला तोड़कर अंदर दाखिल हो गए। आरोपी दफ्तर में रखे जरूरी कागजात और रिकॉर्ड के साथ छेड़छाड़ की और उन्हें खुर्द-बर्द (नष्ट) कर दिया। विरोध करने पर दी गालियां और जान से मारने की धमकी
जब स्कूल स्टाफ और सुरक्षाकर्मियों ने उन्हें रोकने की कोशिश की, तो आरोपियों ने उनके साथ धक्का-मुक्की की और भद्दी गालियां दीं। हथियारों के बल पर स्कूल में दहशत का माहौल पैदा कर दिया गया। घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए। मॉडल टाउन पुलिस ने आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) और आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज किया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *