मेरठ की सेंट्रल मार्केट की सीलिंग-ध्वस्तीकरण के विरोध में पूरे शहर के बाजार बंद हैं। सेंट्रल मार्केट के सामने 1000 से अधिक कारोबारी धरने पर बैठे हैं। व्यापारियों का कहना है कि सीलिंग से उनका रोजगार छिन गया है। उनके सामने आजीविका का संकट खड़ा हो गया है। इसी बीच किन्नर समुदाय के लोग भी व्यापारियों के समर्थन में धरना स्थल पर पहुंचे। इस दौरान किन्नर शिवानी भावुक होकर रो पड़ीं। उन्होंने कहा कि मैं व्यापारियों का दर्द समझ सकती हूं। ऊपरवाले से यही दुआ करती हूं कि व्यापारियों को उनका सब कुछ वापस मिल जाए। अगर व्यापारी खुश नहीं रहेंगे, तो किन्नर समाज भी खुश नहीं रह सकता। इधर, सेंट्रल मार्केट में खाने के पैकेट पर विवाद हो गया। धरना दे रहे व्यापारियों को सपा का स्टिकर लगाकर खाने के पैकेट बांटे गए। पैकेट देखकर भाजपाई नाराज हो गए और खाने के पैकेट वापस कर दिए। कहा- यहां राजनीति हो रही है। व्यापारी खाने के लिए नहीं मर रहे हैं। इंडियन मेडिकल एसोसिएशन (IMA) ने भी व्यापारियों के समर्थन का ऐलान किया है। IMA से जुड़े 1200 डॉक्टरों ने सुबह 9 बजे से रात 9 बजे तक ओपीडी सेवाएं बंद रखने का फैसला किया है। हालांकि अस्पतालों में इमरजेंसी सेवाएं जारी रहेंगी। सुप्रीम कोर्ट ने शास्त्रीनगर की सेंट्रल मार्केट में 44 संपत्तियों को सील करने का आदेश दिया है। बुधवार सुबह आवास विकास परिषद की सात टीमों ने सुधा हॉस्पिटल से सीलिंग की कार्रवाई शुरू की थी। शाम तक सभी 44 दुकानें सील कर दी गईं। इस दौरान एक व्यापारी बेहोश भी हो गया था। अब मार्केट में ध्वस्तीकरण की कार्रवाई होनी है। मामले को लेकर आज सुप्रीम कोर्ट में दोबारा सुनवाई होनी है। तस्वीरें देखिए… 3 पॉइंट में पूरा मामला समझ लीजिए- बाजार बंद और व्यापारियों के धरना से जानकारी के लिए लाइव ब्लॉग से गुजर जाइए…