मोगा पुलिस ने लूट और धोखाधड़ी की वारदातों को अंजाम देने वाले एक गिरोह की चार महिलाओं को गिरफ्तार किया है। पुलिस जांच में खुलासा हुआ है कि यह महिलाएं आम लोगों को निशाना बनाती थीं। वे उन्हें झांसा देकर धोखाधड़ी करती थीं और मौका मिलते ही नकदी व सोने के गहनों की लूट कर फरार हो जाती थीं। फिरोजपुर की रहने वाली हैं गिरफ्तार महिलाएं
थाना सिटी वन के प्रभारी वरुण कुमार ने बताया कि गिरफ्तार महिलाओं की पहचान प्रवीण पत्नी राज कुमार, प्रवीण उर्फ आशा पत्नी विक्रम, सोनिया पत्नी पवन और सोमा पत्नी खेरत के रूप में हुई है। ये सभी फिरोजपुर क्षेत्र की रहने वाली हैं। कई आपराधिक वारदातों में शामिल
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि ये आरोपी पहले भी कई आपराधिक वारदातों में शामिल रह चुकी हैं और इनके खिलाफ विभिन्न थानों में मामले दर्ज हैं। संगठित गिरोह के रूप में काम कर रही थीं काम
प्रभारी वरुण कुमार ने बताया कि 8 अप्रैल 2026 की रात करीब 10:55 बजे एक विश्वसनीय मुखबिर से सूचना मिली थी। इस सूचना के आधार पर तुरंत कार्रवाई करते हुए जोगिंदर चौक इलाके में छापा मारा गया। मोगा बस स्टैंड के नजदीक से इन चार महिलाओं को काबू किया गया, जो एक संगठित गिरोह के रूप में काम कर रही थीं। आरोपियों से पूछताछ जारी
थाना सिटी मोगा में मुकदमा नंबर 78 धारा 304 और 111 बीएनएस के तहत दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है। पुलिस आरोपियों से गहन पूछताछ कर रही है, ताकि अन्य मामलों का भी खुलासा किया जा सके। चारों आरोपियों को अदालत में पेश कर रिमांड लिया जाएगा।