सहरसा के सदर थाना क्षेत्र में गुरुवार को दिनदहाड़े लूट की घटना से हड़कंप मच गया। दोपहर करीब सवा बारह बजे तीन अज्ञात हथियारबंद अपराधियों ने फिनो बैंक के एक CSP केंद्र को निशाना बनाते हुए 57 हजार रुपये लूट लिए और फरार हो गए। पीड़ित रंजन कुमार साह, जो नगर निगम वार्ड 43 के निवासी हैं, ने बताया कि तीनों अपराधी एक ही बाइक पर सवार होकर उनके CSP केंद्र पर पहुंचे। हथियार का भय दिखाकर उन्होंने काउंटर में रखी नकदी लूट ली और मौके से भाग निकले। रंजन कुमार साह पिछले सात वर्षों से परमिनिया मुख्य मार्ग पर फिनो बैंक का CSP संचालित कर रहे हैं। उनकी दुकान दो मंजिला इमारत के भूतल पर स्थित है, जहां वे इलेक्ट्रॉनिक सामान की भी बिक्री करते हैं। घटना की सूचना तुरंत डायल 112 के माध्यम से पुलिस को दी गई। प्रारंभिक जांच के बाद करीब तीन बजे सदर थाने को मामले की जानकारी दी गई। सूचना मिलते ही सदर थाना अध्यक्ष सुबोध कुमार, साइबर डीएसपी अजीत कुमार और सदर एसडीपीओ आलोक कुमार घटनास्थल पर पहुंचे और जांच शुरू की। जिला खुफिया इकाई (DIU) की टीम भी मौके पर पहुंचकर मामले की छानबीन में जुट गई है। सदर एसडीपीओ आलोक कुमार ने लूट की पुष्टि करते हुए बताया कि सीसीटीवी फुटेज के आधार पर अपराधियों की पहचान की जा रही है और जल्द ही उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा।