मंडी का शिकारी देवी मंदिर तीन फीट बर्फ से ढका:अप्रैल से भारी बर्फबारी से मंदिर तक पहुंचना मुश्किल, पुजारी ने बाहर की पूजा

जिला मंडी की सबसे ऊंची चोटी पर स्थित माता शिकारी देवी मंदिर में अप्रैल माह में भारी बर्फबारी हुई है। मंदिर परिसर करीब तीन फीट मोटी बर्फ की चादर से ढका नजर आ रहा है। इसका वीडियो इन दिनों सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वायरल वीडियो में मंदिर तक जाने वाले रास्ते पूरी तरह बर्फ में दबे हुए दिख रहे हैं। मंदिर का मुख्य द्वार भी बर्फ की मोटी परत के कारण नहीं खुल पाया है। परिसर में रखी बेंच, आसपास की पहाड़ियां, जंगल और रास्ते पूरी तरह बर्फ से ढक गए हैं, जिससे पूरा क्षेत्र सफेद चादर में लिपटा हुआ है। मंदिर के मुख्यद्वार तक नहीं पहुंच पाए पुजारी बर्फबारी के कारण मंदिर के पुजारी को भी भारी मशक्कत करनी पड़ी। वे मंदिर के मुख्य द्वार तक नहीं पहुंच पाए। इसके बाद उन्होंने मंदिर के बाहर ही धूप जलाकर माता का आह्वान किया और वहीं से पूजा-अर्चना संपन्न की।बताया जा रहा है कि लंबे समय बाद अप्रैल में इस तरह की बर्फबारी देखने को मिली है, जिसने सभी को हैरान कर दिया है। यह असामान्य बर्फबारी लोगों के बीच चर्चा का विषय बनी हुई है। पुजारी की अपील- मंदिर न आएं, रास्ता खतरनाक
पुजारी ने वीडियो के माध्यम से श्रद्धालुओं से अपील की है कि वे फिलहाल मंदिर आने का प्रयास न करें। रास्ते बेहद खतरनाक बने हैं। कुछ लोग बर्फबारी का नजारा देखने यहां पहुंचने की कोशिश कर रहे हैं, जो जोखिम भरा हो सकता है। यह वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से साझा किया जा रहा है। वहीं, खराब मौसम का असर जिले के निचले इलाकों में भी देखा जा रहा है, जहां ठंडी हवाओं और शीतलहर ने लोगों की परेशानी बढ़ा दी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *