हरियाणा में गन और गंद कल्चर गानों पर लगेगा ब्रेक:कलाकारों के शो पर भी लग सकती है रोक, महिला आयोग की सरकार से सिफारिश

हरियाणा में जल्द ही गन कल्चर और अश्लीलता को बढ़ावा देने वाले हरियाणवी गानों पर सख्त कार्रवाई देखने को मिल सकती है। हरियाणा राज्य महिला आयोग की चेयरपर्सन रेणु भाटिया ने मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी को पत्र लिखकर ऐसे गानों और उनसे जुड़े कलाकारों के कार्यक्रमों पर रोक लगाने के लिए ठोस नीति बनाने का अनुरोध किया है। आयोग की ओर से भेजे गए पत्र में कहा गया है कि हाल के वर्षों में हरियाणवी गानों में हथियारों (गन कल्चर), हिंसा और महिलाओं के प्रति आपत्तिजनक भाषा का चलन तेजी से बढ़ा है। इन गानों का युवा पीढ़ी, खासकर स्कूली और कॉलेज छात्रों पर नकारात्मक प्रभाव पड़ रहा है, जिससे समाज में गलत संदेश जा रहा है। शो पर भी लग सकती है रोक महिला आयोग ने साफ कहा कि ऐसे गाने न केवल महिलाओं की गरिमा को ठेस पहुंचाते हैं, बल्कि अपराध और आक्रामक व्यवहार को भी बढ़ावा देते हैं। आयोग का मानना है कि मनोरंजन के नाम पर परोसा जा रहा यह कंटेंट समाज के नैतिक मूल्यों के खिलाफ है और इसे नियंत्रित करना बेहद जरूरी है। आयोग ने सुझाव दिया है कि जिन कलाकारों के गानों में अश्लीलता, हिंसा या गन कल्चर को बढ़ावा दिया जाता है, उनके लाइव शो और कार्यक्रमों पर भी हरियाणा में प्रतिबंध लगाया जाए। इसके लिए प्रशासन और संबंधित विभागों को स्पष्ट दिशा-निर्देश जारी किए जाएं। कड़े नियम और मॉनिटरिंग की मांग
पत्र में सरकार से मांग की गई है कि ऐसे कंटेंट पर नजर रखने के लिए सख्त मॉनिटरिंग मैकेनिज्म बनाया जाए। साथ ही, नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। जागरूकता अभियान चलाने की भी अपील
महिला आयोग ने यह भी कहा कि युवाओं को सही दिशा देने के लिए जागरूकता अभियान चलाए जाएं, ताकि वे ऐसे गानों के दुष्प्रभाव को समझ सकें और सकारात्मक कंटेंट की ओर आकर्षित हों। रेणु भाटिया ने उम्मीद जताई कि मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी इस मुद्दे की गंभीरता को देखते हुए जल्द ही ठोस कदम उठाएंगे, जिससे प्रदेश में स्वस्थ और सम्मानजनक सांस्कृतिक माहौल बनाया जा सके। गन कल्चर के चलते बैन हो चुके 67 गाने हरियाणा के 29 गायक हरियाणा पुलिस की हिट लिस्ट में आ गए हैं। पुलिस ने इन सभी के कुल 67 गानों को आपत्तिजनक करार दिया है। पुलिस के मुताबिक, इन गानों में अराजकता का महिमामंडन और गैंगस्टरों का गुणगान किया है। इसलिए, ये सभी गाने बैन किए जाएंगे। इनमें सबसे ज्यादा 19 गाने अकेले मासूम शर्मा के हैं। इनके अलावा, नरेंद्र भगाना और अमित सैनी रोहतकिया के 6-6 गाने, आशु ट्विंकल के 8 गाने और मनीषा शर्मा के 7 गाने बैन किए जाएंगे। अन्य सिंगरों में अंकित बालियान, गजेंद्र फोगाट, सुमित पारता, हर्ष संधू, ढांडा न्योलीवाला, आदि शामिल हैं। इन गानों को सार्वजनिक मंचों पर बजाने पर रोक होगी। सिंगर भी यदि अपने किसी कार्यक्रम या कॉन्सर्ट में इन गानों को गाएंगे तो उनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जा सकती है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *