अंतरराज्यीय गिरोह का पर्दाफाश, 4 आरोपी गिरफ्तार:पंजाब, हरियाणा सहित कई राज्यों में करते थे वारदात; खन्ना में किराए पर रहते थे आरोपी

पंजाब पुलिस ने एक अंतरराज्यीय आपराधिक गिरोह का पर्दाफाश किया है। इस मामले में चार आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। यह गिरोह पंजाब, हरियाणा, दिल्ली और उत्तर प्रदेश सहित कई राज्यों में चोरी, लूट और स्नैचिंग की वारदातों को अंजाम देता था। आरोपियों को 9 अप्रैल को खन्ना से गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से दो चोरी की मोटरसाइकिलें और एक लूटी गई सोने की चेन बरामद की है। डीएसपी तरलोचन सिंह ने बताया कि इस गिरोह का खुलासा थाना समराला में 27 सितंबर, 2025 को दर्ज एक मुकदमे के बाद हुआ। शिकायतकर्ता अमनदीप कौर ने पुलिस को बताया था कि वह अपनी दोस्त के साथ समराला के एक बाजार में गई थीं, जहां दो युवकों ने उनकी सोने की चेन छीन ली और फरार हो गए। पूछताछ के बाद कई गिरफ्तारियां घटना के बाद पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए जांच शुरू की। जांच के दौरान, पुलिस ने पहले आरोपी आशु को गिरफ्तार किया। मुख्य आरोपी शिवा की तलाश जारी थी, जिसे बाद में सीआईए स्टाफ खन्ना की टीम ने काबू कर लिया। पूछताछ में गिरोह के अन्य सदस्यों सागर, जय राम और कांता के नाम सामने आए, जिन्हें भी गिरफ्तार कर लिया गया। उत्तर प्रदेश के शामली के रहने वाले आरोपी आरोपी उत्तर प्रदेश के शामली के रहने वाले हैं और खन्ना में किराए पर रहते थे। आरोपियों ने पूछताछ में बताया कि वे वारदातों को अंजाम देने के लिए चोरी की मोटरसाइकिलों का इस्तेमाल करते थे। लूटे गए सोने को वे उत्तर प्रदेश के सुनारों को बेच देते थे। पुलिस अब इन सुनारों की तलाश कर रही है। कई राज्यों में फैला है जाल पुलिस के अनुसार, यह गिरोह खन्ना, मोहाली, मंडी गोबिंदगढ़ और अमलोह के अलावा अन्य जिलों में भी सक्रिय था। इसके तार दिल्ली, हरियाणा और उत्तर प्रदेश तक फैले हुए हैं, जहां आरोपी लगातार चोरी और लूट की वारदातों को अंजाम देते रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *