हावड़ा से अमृतसर जाने वाली पंजाब मेल एक्सप्रेस को लेट करने के लिए ट्रेन में बम की गलत सूचना दी। अफवाह फैलाने वाले शख्स का ट्रेन में टिकट था। वो हावड़ा से ट्रेन में चढ़ने वाला था, पर वो समय पर जंक्शन नहीं पहुंच सका। जिसके बाद वो अपने होटल में गया और वहां शराब पी। नशे में 139 (रेलवे हेल्पलाइन) पर फोन लगाकर कहा कि पंजाब मेल में बम रखा हुआ है। जिसके बाद रेलवे के वरीय अधिकारी अलर्ट हो गए। चंदनपुर के पास ट्रेन को रोका गया। वहां 2 घंटे तक सर्च ऑपरेशन चला। जब रेल पुलिस कंफर्म हो गई कि ट्रेन में बम नहीं है तो नंबर ट्रेस कर गलत जानकारी देने वाले शख्स प्रदीपन भट्टाचार्य को गिरफ्तार किया। पटना जंक्शन और मोकामा रेलवे स्टेशन के बीच कार्रवाई हुई। वर्धमान में पंजाब मेल पकड़ी आरोपी प्रदीपन मुर्शिदाबाद का रहने वाला है। कोलकाता में वो रेलवे का टिकट काटता है, पर वो रेलवे के काउंटर पर नहीं बैठता। निजी रूप से संचालित काउंटर पर वो टिकट काटने का काम करता था। प्रदीपन को अंबाला कैंट जाना था। जब गाड़ी छूट गई तो उसने सोचा कि बम की गलत सूचना देकर ट्रेन को लेट करवा देंगे और ऐसा ही हुआ। पंजाब मेल जब हावड़ा से निकल गई तो आरोपी कालका एक्सप्रेस पकड़कर वर्धमान जंक्शन पहुंचा। वहां पंजाब मेल खड़ी थी। इसके बाद वो अपनी सीट पर जाकर बैठ गया। मोकामा और पटना जंक्शन के बीच हुई गिरफ्तारी दूसरी तरफ रेल पुलिस जब कंफर्म हो गई कि ट्रेन में बम नहीं है तो जिस नंबर से फोन आया था, उसे ट्रेस किया गया। पता चला कि आरोपी पंजाब मेल में ही है। पंजाब मेल मोकामा और पटना जंक्शन के बीच थी। इसी दौरान रेल पुलिस ने ट्रेन रुकवाई और आरोपी को अरेस्ट कर लिया। RPF और GRP ने आरोपी से पूछताछ की तो पहले वो कुछ भी नहीं बता रहा था, पर मोबाइल जब्त कर जांच की गई तो सारी कहानी उसने बता दी।