पटना के बाढ़ में शनिवार को बाल शनि धाम मंदिर में एक बच्चे की बोली लगी। 50 हजार रुपए से बात शुरू हुई और 25 हजार में डील तय हुई। दरअसल, बच्चे को कोई और नहीं बेच रहा था, बल्कि उसकी मां बेच रही थी। हालांकि, मामले की सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और महिला को गिरफ्तार कर लिया। फिलहाल, बच्चा पुलिस कस्टडी में है। महिला भगवतीपुर करमौर की रहने वाली है। बच्चे की मां किरण देवी ने बताया कि बच्चा मेरा ही है। पति ने मुझे छोड़ दिया है। 10 दिनों पहले बेटे को लेकर घर से निकली थी। रैन बसेरा में दिन काट रही थी। खाने के लिए रुपए नहीं है। भूख से परेशान होकर बच्चे को बेचने की कोशिश कर रही थी। मंदिर के पुजारी ने पुलिस बुलाई मंदिर के पुजारी शिवजी मुनि ने बताया कि पिछले 8 दिनों से देख रहा था कि महिला बच्चे को लेकर मंदिर आ रही है। बच्चे को एक जगह छोड़ देती है, फिर इधर-उधर घूमती है। मैंने उस वक्त उतना ध्यान नहीं दिया था। आज अचानक बोली लगने लगी थी। 15 हजार, 20 हजार, 25 हजार रुपए बोले जा रहे थे। गोतनी ने मुझे फोन किया बच्चे को खरीदने पहुंची महिला ने बताया कि मैं अपने घर में सो रही थी। इसी दौरान मेरी गोतनी ने फोन किया और कहा- तुम्हारे पास एक बेटी है, बेटा चाहिए तो मंदिर के पास आ जाओ। मैं उसकी बात पर मंदिर पहुंची। मंदिर पहुंची तो बच्चा अकेले रो रहा था। इसकी मां नहा रही थी। मैंने बच्चे को गोद में ले लिया। बच्चे की मां कह रही थी कि बच्चे को मार देंगे, फेंक देंगे। इसी दौरान बच्चे की मां और मेरी गोतनी के बीच बच्चे को बेचने के लिए बात होने लगी। उसने 50 हजार रुपए से बात शुरू की, लेकिन 25 हजार रुपए में डील फाइनल हो गई। मैं पूजा करने मंदिर पहुंची थी बच्चा खरीदने वाली महिला की गोतनी ने बताया कि मैं मंदिर में पूजा करने पहुंची थी। मेरे बगल में बच्चा था। इसी दौरान किरण देवी ने मुझे कहा कि 50 हजार में मैं बच्चे को बेच दूंगी। मैंने महिला से कहा कि मेरी गोतनी बच्चे को लेगी। हमलोग 25 हजार रुपए देंगे। बच्चे को फेंकने से अच्छा है कि उसको किसी का सहारा मिल जाएगा। एक दिन पहले पुलिस ने महिला को अस्पताल पहुंचाया था डायल-112 की पुलिस राजदीव यादव ने कहा कि मंदिर में परसो रात में महिला की तबीयत खराब हो गई थी। उसका पेट खराब था। पुलिस ने अस्पताल में भर्ती कराया था। उस समय भी बच्चा उसके पास था। ————– ये भी पढ़ें मां-नानी ने जन्म से पहले किया बच्चे का सौदा:लिंग जांच करवाकर डील की, डिलिवरी के बाद ढाई लाख में बेचा; परिवार से कहा-बेटा मर गया समस्तीपुर में एक मां ने कोख में पल रहे अपने बच्चे का सौदा किया। अपनी मां के साथ मिलकर महिला ने जन्म से पहले ही ढाई लाख में बच्चे की डील की और डिलिवरी के बाद उसे बेच दिया। डिलिवरी के बाद महिला ससुराल न जाकर मायके चली गई और ससुराल वालों से कहा कि उसका बेटा मर गया। शोक में डूबे परिवार के 24 लोगों ने मुंडन भी करवाया। पूरी खबर पढ़ें