कुरुक्षेत्र में 15 एकड़ गेहूं की फसल जलकर राख:कंबाइन से निकली चिंगारी से भड़की आग, दूसरे गांव तक पहुंची, किसानों ने ट्रैक्टरों से बुझाई

कुरुक्षेत्र जिले के पिहोवा में किसानों की मेहनत राख हो गई। गढ़ी सिंघा गांव के खेतों में खड़ी पकी गेहूं की फसल में अचानक आग लग गई। तेज हवा ने आग को और भड़का दिया, जो अगले गांव भौर सैयदां तक पहुंच गई। इसमें करीब 15 एकड़ गेहूं की फसल जलकर पूरी तरह राख हो गई। आग की शुरुआत पास के ही खेत में हुई। गांव में किसान अपनी फसल कंबाइन हार्वेस्टर से कटवा रहा था। कंबाइन से निकली चिंगारी हवा के साथ उड़कर खड़ी फसल में आ गिरी। पकी हुई गेहूं की फसल सूखी होने की वजह से आग तुरंत भड़क उठी और तेज हवा के कारण तेजी से फैलने लगी। 15 एकड़ गेहूं की फसल जली गढ़ी सिंघा गांव के किसान हरदीप सिंह को सबसे ज्यादा नुकसान हुआ। हरदीप सिंह ने बताया कि आग से उसकी करीब 7 एकड़ फसल जल गई। उसके पड़ोसी किसान चंदन सिंह की 4 एकड़ गेहूं की फसल भी आग की चपेट में आ गई। भौर सैयदां गांव के एक और किसान अजीत सिंह की भी 4 एकड़ फसल जलकर राख हो गई। सूझबूझ से टला बड़ा हादसा हालांकि, आग और ज्यादा फैल सकती थी, लेकिन किसानों की सूझबूझ ने बड़े नुकसान को रोक लिया। आग की सूचना मिलने पर आसपास के किसान एकत्रित हो गए। उन्होंने ट्रैक्टर लेकर खेत में खड़ी फसल को जोतना शुरू कर दिया, जिससे आग को आगे बढ़ने का रास्ता बंद हो गया। फायर ब्रिगेड की 2 गाड़ियों ने पाया काबू फायर ब्रिगेड को भी सूचना दी गई। मौके पर दो फायर ब्रिगेड की गाड़ियां पहुंचीं और बाकी बची आग पर काबू पा लिया। हरदीप सिंह ने सरकार और प्रशासन से मुआवजे की मांग करते हुए कहा कि सरकार को क्षतिपूर्ति पोर्टल पर आग से फसल नुकसान की भरपाई की स्कीम शुरू करनी चाहिए। गेहूं की कटाई के समय ऐसे हादसे अक्सर होते हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *