सोनभद्र में शनिवार को ट्रक और डंपर की आमने-सामने जोरदार टक्कर हो गई। हादसा इतना भयानक था कि दोनों गाड़ियों में आग लग गई। इसमें डंपर के ड्राइवर और ट्रक के क्लीनर की जिंदा जलकर मौत हो गई। ट्रक के ड्राइवर को गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती कराया गया है। इस पूरी घटना का वीडियो भी सामने आया है। इसमें डंपर का ड्राइवर दरवाजे से बाहर लटक रहा है। एक व्यक्ति उसका हाथ पकड़कर खींचने की कोशिश कर रहा है। वह दर्द से कराहता हुआ ‘बचाओ-बचाओ’ चिल्ला रहा है। हादसा वाराणसी-शक्तिनगर हाईवे पर हाथीनाला थाना क्षेत्र में शाम 5 बजे हुआ। घायल ड्राइवर बोला- ट्रक का ब्रेक फेल हो गया
हादसे में घायल ड्राइवर सूरज ने बताया- मैं गोरखपुर से रायपुर जा रहा था। ट्रक में दूध लदा था। रास्ते में अचानक मेरी गाड़ी का ब्रेक फेल हो गया। मैंने ट्रक को जंगल की तरफ मोड़ने की कोशिश की, जिससे बड़ा हादसा न होने पाए। लेकिन, तभी सामने से अचानक डंपर आ गया। दोनों गाड़ियां आमने-सामने से टकरा गईं। इसके बाद दोनों में आग लग गई। मेरे ट्रक में बबलू (21) नाम का क्लीनर था। वह आग में फंस गया और जिंदा जल गया। मैं उसे बचा नहीं पाया। आसपास के लोगों ने हमें बचाने की कोशिश की
हादसे के बाद स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे। उन्होंने एक ड्राइवर को बचाने की कोशिश की। उसे खींचकर बाहर निकालने का प्रयास किया गया, लेकिन वह बुरी तरह फंसा हुआ था। काफी कोशिशों के बावजूद लोग उसे बाहर नहीं निकाल सके। उसकी जिंदा जलकर मौत हो गई। सूचना मिलते ही हाथीनाला और रेणुकूट पुलिस मौके पर पहुंची। स्थानीय लोगों की मदद से तुरंत बचाव कार्य शुरू किया गया। काफी मशक्कत के बाद एक ड्राइवर को सुरक्षित बाहर निकाला गया। हालांकि, वह बुरी तरह से झुलस गया था। उसे हिंडाल्को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। हादसे में ड्राइवर दीनानाथ यादव और बबलू की मौत हो गई। दीनानाथ सोनभद्र के विंढमगंज थाना क्षेत्र के केवल गांव का रहने वाला था, जबकि बबलू संत कबीर नगर के खलीलाबाद का रहने वाला था। अब रेस्क्यू की 4 तस्वीरें… मौके पर एसपी पहुंचे, कई थानों की फोर्स तैनात
हादसे की सूचना मिलते ही एसपी अभिषेक वर्मा, सीओ पिपरी हर्ष पांडे और सीओ ओबरा अमित कुमार सहित कई थानों की पुलिस फोर्स मौके पर पहुंच गई। आग बुझाने के लिए अल्ट्राटेक सीमेंट, चोपन फायर स्टेशन और हिंडाल्को की दमकल गाड़ियां बुलाई गईं। दमकल कर्मियों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। दूध और राख लदी थी ट्रकों पर
बताया जा रहा है कि रेणुकूट की ओर से जा रहे हाईवा (डंपर) में राख लदी थी। वहीं, सामने से आ रहे ट्रक में अमूल कंपनी के 200 मिलीलीटर के दूध के पैकेट भरे था। हादसे के बाद दूध सड़क पर फैल गया। इस दुर्घटना से सड़क के दोनों ओर लंबा जाम लग गया। यातायात पुलिस ने बैरिकेडिंग लगाकर गाड़ियों को डायवर्ट किया। अपर पुलिस अधीक्षक अनिल कुमार ने बताया- थाना हाथीनाला में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। हादसे में शामिल हाईवा और ट्रक को सड़क से हटवा दिया गया है। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। —————————– ये खबर भी पढ़िए… मिर्जापुर में मॉर्निंग वॉक पर वकील की हत्या, 2 हमलावर आए, सीने पर गोली मारी; लोग पकड़ने दौड़े तो तमंचा ताना मिर्जापुर में शनिवार सुबह 7.15 बजे मॉर्निंग वॉक पर निकले सीनियर वकील की गोली मारकर हत्या कर दी गई। दो हमलावर बाइक से आए। उन्हें रास्ते में रोका और सीने में तमंचा सटाकर गोली मार दी। खून से लथपथ वकील जमीन पर गिर पड़े। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए। पूरी वारदात CCTV में रिकॉर्ड हो गई। पूरी खबर पढ़ें…