भागलपुर में अवैध हथियार के साथ युवक गिरफ्तार:पुलिस ने पिस्टल, मोबाइल और बाइक की बरामदगी की

भागलपुर पुलिस ने अवैध हथियार के साथ एक युवक को गिरफ्तार किया है। जोगसर थाना क्षेत्र के आदमपुर चौक के पास शांतम रेजेंसी होटल के समीप की गई छापेमारी में युवक के पास से एक देसी पिस्टल, मोबाइल फोन, टैब और मोटर साइकिल बरामद की गई। शहर में अपराध नियंत्रण के लिए वरीय पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर अवैध शराब, हथियार और चोरी-छिनतई की रोकथाम के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी अभियान के तहत गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस अधीक्षक नगर की निगरानी में और अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी नगर-1 तथा डीआईयू टीम के नेतृत्व में एक विशेष टीम गठित की गई थी। छापेमारी के दौरान पुलिस को देखकर एक संदिग्ध युवक भागने लगा, जिसे पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए पकड़ लिया। गिरफ्तार युवक की पहचान आयुष सिन्हा के रूप में हुई है। इस कार्रवाई में एक विधि विरुद्ध बालक को भी हिरासत में लिया गया है। पुलिस ने दोनों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि शहर में अपराध पर अंकुश लगाने के लिए इस तरह की कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *