खगड़िया जिले की गोगरी थाना पुलिस ने शनिवार को एक मिनी गन फैक्ट्री का भंडाफोड़ किया है। पुलिस ने मुश्कीपुर गांव के रसलपुर स्थित एक घर से अवैध हथियार निर्माण में शामिल मोहम्मद शहनवाज आलम को गिरफ्तार किया है। पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि मुंगेर निवासी मोहम्मद शहनवाज आलम गोगरी थाना क्षेत्र के अपने ससुराल रसलपुर मुश्कीपुर में घर बनाकर अवैध हथियारों का निर्माण और तस्करी कर रहा है। इस सूचना के आधार पर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी साक्षी कुमार के नेतृत्व में छापेमारी की गई। छापेमारी के दौरान मोहम्मद शहनवाज आलम को मौके से गिरफ्तार कर लिया गया। उसके घर से अवैध आग्नेयास्त्रों के निर्माण में प्रयुक्त होने वाली सामग्री भी बरामद की गई है। पुलिस अब उसके आपराधिक इतिहास का पता लगा रही है। एसपी राकेश कुमार ने बताया कि बरामद सामग्री में एक लोहे की ड्रिल मशीन, 10 पिस्टल बट, 14 आरी ब्लेड (छोटा बसा), एक छोटी वेल्डिंग मशीन, दो मैगजीन स्प्रिंग, 12 रेती, सात गोल बैरल रेती, दो हथौड़ी, दो मोबाइल फोन और अवैध आग्नेयास्त्र निर्माण में उपयोग होने वाली अन्य सामग्री शामिल है। इस संबंध में गोगरी थाना में कांड संख्या 108/26 दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।