महेंद्रगढ़ में मंदिरों का अतिक्रमण हटाने गई टीम पर हमला:जेसीबी चालक से मारपीट, पूर्व सरपंच समेत कई ग्रामीणों के खिलाफ मामला दर्ज

महेंद्रगढ़ जिला में मंदिरों के अतिक्रमण हटाने पहुंची प्रशासनिक टीम के साथ अभद्रता और सरकारी कार्य में बाधा डालने का मामला सामने आया है। इस दौरान जेसीबी पर पथराव करने और चालक के साथ मारपीट करने के आरोप में पुलिस ने पूर्व सरपंच समेत कई लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया है। लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) के उपमंडल अभियंता की ओर से दी गई शिकायत के अनुसार उपायुक्त कार्यालय के निर्देश पर उन्हें विभिन्न मंदिरों के अतिक्रमण हटाने के लिए ड्यूटी मजिस्ट्रेट नियुक्त किया गया था। इसी क्रम में 10 अप्रैल को पुलिस बल के साथ टीम गांव छाजियावास में हनुमान मंदिर, मां दुर्गा मंदिर, श्रीकृष्ण मंदिर और शिव मंदिर के आसपास अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई के लिए पहुंची। ग्रामीणों ने किया था विरोध शिकायत के अनुसार मौके पर पहले से मौजूद ग्रामीणों ने कार्रवाई का विरोध किया और पुलिस की मौजूदगी में सरकारी कार्य में बाधा डालते हुए अधिकारियों को गालियां दीं। इस दौरान एक व्यक्ति की पहचान गांव छाजियावास के पूर्व सरपंच के रूप में हुई। आरोप है कि कार्रवाई पूरी होने के बाद कुछ लोगों ने ड्यूटी मजिस्ट्रेट और जेसीबी चालक को जान से मारने की धमकी भी दी। जेसीबी पर किया था पथराव बताया गया कि कार्रवाई के बाद जब जेसीबी चालक वाहन लेकर लौट रहा था तो गांव पहाड़वास के पास 4-5 मोटरसाइकिलों पर सवार कुछ लोगों ने उसका पीछा कर रास्ता रोक लिया और जेसीबी पर पथराव कर दिया। आरोप है कि इस दौरान चालक के साथ मारपीट की गई और उसे अगवा करने की भी कोशिश की गई। सरपंच पर मामला दर्ज पुलिस ने शिकायत के आधार पर पूर्व सरपंच समेत अन्य आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस का कहना है कि अन्य आरोपियों की पहचान कर मामले की जांच की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *