बिहार के सीएम नीतीश कुमार 9 अप्रैल को दिल्ली गए। 10 को राज्यसभा सदस्य के रूप में शपथ ली। उनके साथ डिप्टी सीएम सम्राट चौधरी मौजूद थे। सम्राट शुक्रवार शाम करीब 6 बजे पटना लौटे। एयरपोर्ट से सीधे अपने घर चले गए। करीब 24 घंटे घर से नहीं निकले। अगले दिन माने 11 अप्रैल को पार्टी के ज्योतिबा फुले की जयंती पर आयोजित कार्यक्रम में भी शामिल नहीं हुए। शनिवार शाम घर से निकले और सीधे नीतीश कुमार से मिलने पहुंचे। दैनिक भास्कर की रिपोर्ट में जानिए, बीते 36 घंटे में क्या हुआ? भाजपा के अंदर क्या चल रहा है? सीएम के इस्तीफा से पहले सम्राट चौधरी की एक्टिविटी क्या रही है? 1- नीतीश ने राज्यसभा में शपथ ली, सम्राट साथ रहे 10 अप्रैल को नीतीश कुमार ने दिल्ली जाकर राज्यसभा सदस्य के रूप में शपथ ली। इस दौरान उनके साथ सम्राट चौधरी मौजूद रहे। दिल्ली में शाम को भाजपा कोर कमेटी की बैठक होनी थी। बिहार के प्रभारी विनोद तावड़े के घर पर होने वाली मीटिंग ऐन वक्त पर रद्द हो गई। बैठक में बिहार के अगले सीएम के नाम पर भाजपा में आम सहमति बनाने की कोशिश होनी थी। सूत्रों के अनुसार, विनोद तावड़े सम्राट चौधरी और विजय सिन्हा से मिले। शाम को सम्राट ने पटना जाने वाली फ्लाइट पकड़ी और शाम करीब 6 बजे लौटे। एयरपोर्ट से सीधे घर चले गए। 2- नीतीश कुमार ने दूसरे आवास में शिफ्ट किया सामान 11 अप्रैल की सुबह नीतीश कुमार ने मुख्यमंत्री आवास खाली करना शुरू किया। ट्रैक्टर ट्रॉली में लोड कर सामान 7 सर्कुलर रोड स्थित सरकारी बंगले में भेजे गए। चर्चा है कि नीतीश 14 मार्च को इस्तीफा दे सकते हैं। इसके बाद 7 सर्कुलर रोड वाले बंगले में शिफ्ट हो जाएंगे। यह तीसरा मौका होगा जब वह इस बंगले में रहेंगे। 3- 24 घंटे घर में रहे सम्राट चौधरी, पूजा-पाठ में बीता वक्त नीतीश के इस्तीफा के पहले सम्राट चौधरी करीब 24 घंटे अपने घर में रहे। किसी सार्वजनिक कार्यक्रम में शामिल नहीं हुए। बिहार भाजपा के प्रदेश कार्यालय में शनिवार को महात्मा ज्योतिबा फुले की जयंती मनाई गई। कार्यक्रम में सम्राट शामिल नहीं हुए। हर छोटे-बड़े कार्यक्रम में बढ़-चढ़कर हिस्सा लेने वाले सम्राट ने ज्योतिबा फुले के कार्यक्रम से दूरी बनाई। वहीं, इस कार्यक्रम में उप मुख्यमंत्री विजय सिन्हा, मंत्री दिलीप जायसवाल, लखेन्द्र पासवान, रामकृपाल यादव जैसे नेता मौजूद थे। शनिवार को सम्राट ने काफी वक्त पूजा पाठ में बिताया। वह पार्टी के नेताओं से फोन से बात करते रहें। क्षेत्र के लोगों से बातें की। समस्याओं को सुना। 4- शाम को नीतीश से मिलने पहुंचे सम्राट-विजय सिन्हा शनिवार शाम साढ़े पांच बजे सम्राट घर से निकले और सीधे सीएम नीतीश कुमार से मिलने पहुंचे। नीतीश के साथ उनकी मुलाकात करीब 30 मिनट चली। सीएम आवास एक अणे मार्ग में हुई बैठक में उप-मुख्यमंत्री विजय सिन्हा, जदयू के सीनियर नेता और बिहार विधानसभा के उपाध्यक्ष नरेंद्र नारायण, मंत्री लखींद्र पासवान भी शामिल हुए। 5- सीएम संग मीटिंग के बाद राज्यपाल से मिले विजय सिन्हा सीएम नीतीश के साथ बैठक के बाद डिप्टी सीएम विजय सिन्हा अकेले लोक भवन (राज्यपाल का आवास) गए। उन्होंने राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल सैयद अता हसनैन से मुलाकात की। सूत्रों के अनुसार नए मुख्यमंत्री राजभवन में शपथ लेंगे। सम्राट चौधरी के कोप भवन में जाने की वजह जानिए भाजपा सूत्रों की माने तो सम्राट चौधरी यूं ही नहीं शांत और चुपचाप हो गए। वह शीर्ष नेतृत्व के फैसले को मान रहे हैं। बीजेपी सूत्रों की मानें तो उन्हें और पार्टी के अन्य नेताओं को नई सरकार बनने तक ज्यादा एक्टिव नहीं रहने को कहा गया है। खासकर, मीडिया में बयान देने से परहेज करने को कहा गया है। पार्टी के प्रवक्ताओं को पार्टी के फैसले और नीतियों को बताने को कहा गया है। दरअसल, मीडिया में सम्राट चौधरी का नाम बतौर भावी सीएम उछाला जा रहा है। पटना भाजपा कार्यालय में सम्राट का पोस्टर हटा या खुद हटवाई शुक्रवार को पटना स्थित भाजपा कार्यालय के बाहर डिप्टी सीएम सम्राट चौधरी को सीएम बनाने की मांग वाला पोस्टर लगा। पोस्टर लगने के मात्र 1 घंटे बाद ही उसे पार्टी कार्यालय के सुरक्षा कर्मी ने फाड़कर हटाया। इस घटना की खूब चर्चा हुई। सवाल उठे कि सम्राट ने खुद पोस्टर हटवाया या किसी और ने हटाने का आदेश दिया। पोस्टर वाल्मीकि समाज संघ की ओर से लगाया गया था। नरेंद्र मोदी और अमित शाह के फैसले का भाजपा में विरोध की गुंजाइश नहीं बिहार में अगला सीएम कौन होगा? इस पर पॉलिटिकल एक्सपर्ट कुमार प्रबोध कहते हैं, ‘एनडीए का सीएम चेहरा तय हो गया है। बस औपचारिकता भर बाकी है। पीएम नरेंद्र मोदी और गृह मंत्री अमित शाह को तय करना है। भाजपा में उनके फैसले के विरोध की गुंजाइश नहीं।’ 14 मार्च को इस्तीफा दे सकते हैं नीतीश कुमार चर्चा है कि नीतीश कुमार 14 अप्रैल 2026 को मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा दे सकते हैं। 10 अप्रैल 2026 को राज्यसभा सदस्य के रूप में शपथ लेने के ठीक तीन दिन बाद वह सीएम की कुर्सी छोड़ेंगे। संसदीय कार्य मंत्री विजय चौधरी ने सीएम के कुर्सी छोड़ने की घोषणा की थी। विजय चौधरी ने 9 मार्च को कहा था, ‘अब आगे की कमान बीजेपी को संभालना है। नीतीश कुमार के इस्तीफा के बाद मौजूदा कैबिनेट अपने आप भंग हो जाएगा। इसके बाद नई सरकार बनाने की प्रक्रिया शुरू हो जाएगी। बीजेपी सबसे बड़ी पार्टी है। इसलिए वहीं अब सरकार का नेतृत्व करेगी और फैसला भी उसी का होगा। जेडीयू पूरी तरह एनडीए के साथ है।’