बस कंडक्टर से मारपीट पर शिमला में कर्मचारियों का प्रदर्शन:रूट पर वाहन न चलाने की चेतावनी, आरोपियों पर कार्रवाई की मांग

हिमाचल रोड ट्रांसपोर्ट कॉर्पोरेशन (HRTC) के बस कंडक्टर के साथ मंडी जिले के जोगिंदरनगर में हुई मारपीट के विरोध में राजधानी शिमला में कर्मचारियों का गुस्सा फूट पड़ा। रविवार को पुराने बस अड्डे पर ड्राइवर-कंडक्टर यूनियन ने प्रदर्शन कर आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग उठाई। यूनियन के प्रधान मान सिंह ठाकुर ने कहा कि जब तक दोषियों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई नहीं होती, तब तक संबंधित रूट पर बस सेवाएं बंद रहेंगी। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि प्रशासन ने जल्द कदम नहीं उठाए तो आंदोलन और तेज किया जाएगा।
बस कंडक्टर के साथ मारपीट दरअसल, जोगिंदरनगर में शनिवार को एचआरटीसी कंडक्टर के साथ बेरहमी से मारपीट की गई। आरोप है कि एक युवक ने पहले कंडक्टर से बहस और हाथापाई की, फिर अपने साथियों को बुलाकर उस पर हमला करवा दिया। इस घटना में कंडक्टर गंभीर रूप से घायल हो गया। आरोपियों ने साथियों के साथ मिलकर पीटा जानकारी के अनुसार, बस को रास्ते में खड़ी एक स्कूटी के कारण आगे बढ़ने में दिक्कत हो रही थी। कंडक्टर ने स्कूटी हटाने का अनुरोध किया, लेकिन इस बात पर आरोपी भड़क गया और विवाद बढ़ गया। बाद में जिम से बुलाए गए युवकों ने मिलकर कंडक्टर को बुरी तरह पीटा। यूनियन ने की कार्रवाई की मांग घटना के बाद कर्मचारियों में भारी रोष है। उनका कहना है कि ड्यूटी के दौरान यदि कर्मचारी ही सुरक्षित नहीं हैं तो आम जनता की सुरक्षा भी खतरे में है। कर्मचारियों ने मांग की है कि सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान कर तुरंत मामला दर्ज किया जाए और सख्त कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। कर्मचारी यूनियन ने साफ कर दिया है कि जब तक उन्हें न्याय नहीं मिलता, उनका विरोध जारी रहेगा और जरूरत पड़ने पर इस आंदोलन को प्रदेशभर में और व्यापक किया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *