हरियाणा में शहरी स्थानीय निकाय चुनाव की तारीखों का ऐलान होते ही राजनीतिक दलों ने अपनी गतिविधियां तेज कर दी हैं। कांग्रेस ने स्थानीय मुद्दों पर घोषणा पत्र तैयार करने के लिए घोषणा पत्र कमेटी का गठन कर दिया है। जिसकाअध्यक्ष पूर्व मंत्री व झज्जर MLA गीता भुक्कल को बनाया गया है। कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष के द्वारा जारी पत्र के अनुसार गीता भुक्कल सहित घोषणा पत्र कमेटी में 9 कांग्रेस नेता शामिल रहेंगे। जिसमें नूंह के विधायक आफताब अहमद, रोहतक के विधायक बीबी बत्रा, AICC के सदस्य जितेंद्र भारद्वाज, पूर्व विधायक जसबीर मलौर, मीडिया एवं कार्यालय प्रभारी संजीव भारद्वाज, पार्टी के वरिष्ठ तरुण चुघ, सतीश तेजली व जयवीर अंतिल समिति के सदस्य बनाए गए हैं। सिंबल पर चुनाव लड़ने की घोषणा करन चुकी है कांग्रेस हरियाणा में स्थानीय निकाय चुनावों को कांग्रेस सिंबल पर लड़ने का ऐलान कर चुकी है। ऐसे में चुनाव राजनीतिक दृष्टिकोण से अहम हो गया है। हरियाणा के 3 नगर निगमों में होने वाले चुनाव का असर अगले साल होने वाले पंजाब विधानसभा चुनाव के दौरान भी दिखाई देगा। क्योंकि तीनों ही निगम के चुनाव जीटी रोड बेल्ट से आने वाले शहरों में हो रहे हैं। अंबाला व पंचकूला तो पंजाब से सटे हुए शहर हैं। पंजाब चुनाव से पहले हरियाणा सीएम नायब सिंह सैनी भी लगातार वहां कैंपेनिंग कर रहे हैं। ऐसे में कांग्रेस भी अपने माहौल को बेहतर बनाने का प्रयास कर रही है।
15 अप्रैल को होगी पहली मीटिंग
घोषणा पत्र कमेटी की अध्यक्ष गीता भुक्कल ने बताया कि घोषणा पत्र तैयार करने के लिए पहली मीटिंग 15 अप्रैल को होगी। जिसमें सभी सदस्य जूम मीटिंग के जरिए ही जुड़ेंगे। पहली मीटिंग में प्राइमर पॉइंट पर चर्चा होगी। उसमें आए सुझावों के अनुसार मेल या व्हाटसअप नंबर भी जारी किया जाएगा, जिसके जरिए आमजन भी अपने सुझाव भेज सकेंगे।