जमुई के शिव मंदिर में एक प्रेमी जोड़ा शादी करने पहुंचा। इस दौरान जब पंडित मंत्र पढ़ रहे थे, तभी अचानक लड़की के घरवाले मौके पर पहुंच गए। लड़की के परिवार को देखते ही दूल्हा अपना गमछा छोड़कर मौके से फरार हो गया। उसने लड़की को भी वहीं छोड़ दिया। परिजन दुल्हन बनी युवती को मंडप से जबरन खींचते हुए अपने साथ घर ले गए। इस घटना का वीडियो भी सामने आया है। सात फेरे से पहले ही दोनों का 4 साल का प्यार टूट गया। दूल्हा रोहित कुमार (18) B.A पार्ट-2 का छात्र है। वहीं, दुल्हन 12वीं पास है। दोनों पटना के रहने वाले हैं। 3 दिन पहले घर से भागकर दोनों अपने दोस्त के घर पर रुके थे। मामला मंगलवार की शाम 5 बजे का है। जमुई के मलयपुर थाना क्षेत्र में स्थित पत्नेश्वर नाथ शिव मंदिर में दोनों शादी करने पहुंचे थे। अब सिलसिलेवार तरीके से पढ़िए पूरी खबर… घटना से जुड़ी तस्वीरें देखिए… 11वीं में दोनों की पहली बार हुई थी मुलाकात लड़की ने बताया, 2024 में मैं और रोहित 11वीं क्लास में थे। हम दोनों एक ही कोचिंग संस्थान में पढ़ने जाते थे। इसी दौरान हम दोनों के बीच अक्सर आई कॉन्टेक्ट हो जाता था। धीरे-धीरे हमने एक-दूसरे को स्माइल पास करना शुरू किया। इसके बाद एक दिन रोहित मेरे पास आया और मुझसे बुक मांगा। मैंने उसे अपना किताब दिया और फिर मैं वहां से चली गई। इसके बाद उसने मुझे फेसबुक पर रिक्वेस्ट भेजा। वहां से हम दोनों के बीच चेटिंग शुरू हो गई। हमलोग घंटों एक-दूसरे से चैटिंग पर बात करते थे। करीब 3 महीने बाद उसने मुझसे मेरा फोन नंबर मांगा। मैंने भी उसे अपना नंबर शेयर कर दिया। इसके बाद रोहित हर रात मुझे फोन किया करता था। मैं मां के साथ सोती थी, इसलिए ज्यादा कुछ बोल नहीं पाती थी। वो अपने साथ हुए पूरे दिनभर की कहानी बताता था। हमलोग कब फोन पर ही सो जाते थे, पता नहीं चलता था। 4 साल से अफेयर, घरवालों ने शादी से किया इनकार लड़की ने आगे बताया, हम दोनों ने कोचिंग में भी एक साथ बैठना शुरू कर दिया। कोचिंग के बाद हम बाहर भी साथ घूमने लगे। एक दिन उसने अचानक मुझसे अपने प्यार का इजहार कर दिया। मैंने भी उसे तुरंत हां बोल दिया। करीब 4 साल से हम दोनों एक साथ हैं। लड़की ने आगे बताया, फरवरी 2026 में मेरे घरवालों को रोहित के बारे में पता चल गया। उनलोगों ने मुझे बहुत डांटा। जब मैंने कहा मैं उससे शादी करना चाहती हूं, तो वो बोले ये शादी नहीं हो सकती। वो अलग जात से है। उनलोगों ने मुझे बहुत टॉर्चर किया। मेरे साथ मारपीट तक की। लड़की के घरवालों ने FIR करवाई लड़की ने बताया, घरवाले नहीं माने तो मैंने भागने का प्लान बनाया। मैंने रोहित से कहा, मेरे परिवार वाले मुझे टॉर्चर कर रहे हैं। चलो भागकर शादी कर लेते हैं। जैसे ही मैं अपने घर से भागी मेरे घरवालों ने थाने में FIR दर्ज करवा दी। मैं इसे पसंद करती हूं, लेकिन घर वाले अभी शादी के खिलाफ थे। वो चाहते थे कि ये पहले अच्छी नौकरी करे, इसलिए मना कर रहे थे। 3 दिनों तक दोस्त के घर, वाराणसी में रहे लड़की के प्रेमी रोहित ने बताया, 4 दिन पहले रात करीब 1 बजे इसका फोन आया। उसने कहा मेरे घरवाले मुझे मार रहे हैं। हमलोग भागकर शादी कर लेते हैं। इसके बाद तीन दिन पहले हम दोनों घर से निकल गए। पहले हमलोग दोस्त के घर खुसरूपुर गए, वहां कुछ घंटे रुके। इसके बाद पटना के दानापुर स्टेशन पर आ गए। वहां प्लेटफॉर्म टिकट लेकर करीब 5 घंटे तक रूके। इसके बाद वहां से वाराणसी चले गए। वहां पूजा की फिर जमुई आकर शादी करने का फैसला लिया। पुलिस बोली- शिकायत मिलने पर एक्शन लेंगे मंदिर से एक वीडियो सामने आया है, जिसमें लड़का-लड़की बैठे हैं। पंडित मंत्र पढ़ रहा है, तभी अचानक लड़की के घरवाले मौके पर पहुंच गए। उनको देखते ही लड़का अपना गमछा छोड़ वहां से भाग गया। वहीं, लड़की को उसके घरवाले वहां से उठाते हुए जबरदस्ती घसीट रहे थे। उसको घसीटते हुए सीढ़ी से नीचे लाए। जब लड़की ने इसका विरोध किया, तो उनलोगों ने कहा ऐसे तुम्हारी शादी थोड़ी करेंगे। धूमधाम से शादी होगी। मलयपुर थानाध्यक्ष शेखर सौरभ ने बताया, फिलहाल इस मामले में कोई लिखित शिकायत नहीं मिली है। शिकायत मिलने पर जांच कर उचित कार्रवाई की जाएगी।