जमुई में एक तेज रफ्तार स्विफ्ट डिजायर कार ने एक साइकिल सवार को टक्कर मार दी, जिससे वह लगभग 10 फीट तक घसीटता चला गया। इस घटना का सीसीटीवी फुटेज सामने आया है। यह हादसा मंगलवार रात शहर के महिला कॉलेज मार्ग पर हुआ था, जिसका वीडियो गुरुवार को सार्वजनिक किया गया। जानकारी के अनुसार, भछियार निवासी मो. अकबर अपनी साइकिल से सड़क पर जा रहे थे। तभी सामने से आ रही अनियंत्रित स्विफ्ट डिजायर कार ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी और मौके से फरार हो गई। सीसीटीवी फुटेज में स्पष्ट दिख रहा है कि टक्कर के बाद मो. अकबर सड़क पर करीब 10 फीट तक घसीटते चले गए। मिर्चा मस्जिद के पास तीन बाइक सवार युवकों को भी टक्कर मार दी घटना के तुरंत बाद स्थानीय लोग मौके पर जमा हो गए और घायल मो. अकबर को सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज किया गया। गनीमत रही कि हादसे के बाद साइकिल सवार का सिर सड़क किनारे लगे बिजली के खंभे से नहीं टकराया, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया। बताया गया है कि मो. अकबर को टक्कर मारने के बाद भागने के दौरान इसी स्विफ्ट कार ने मिर्चा मस्जिद के पास तीन बाइक सवार युवकों को भी टक्कर मार दी। इस टक्कर में वे तीनों भी घायल हो गए। इसके बाद कार खड़गौर इलाके के पास दुर्घटनाग्रस्त हो गई। स्विफ्ट कार को जब्त कर थाने ले आई घटना की सूचना मिलने पर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए स्विफ्ट कार को जब्त कर थाने ले आई है। मामले की जांच जारी है। फिलहाल, तीनों घायलों की हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है, हालांकि उन्हें गंभीर चोटें आई हैं।