भागलपुर में 2 गुटों के बीच हिंसक झड़प:जमीन विवाद में भिड़े, लाठी-डंडा और रॉड से हमला; महिला का हाथ टूटा, 4 लोग घायल

भागलपुर में जमीन विवाद में 2 पक्ष आपस में भिड़ गए। लाठी-डंडे से एक-दूसरे पर हमला किया। मारपीट में एक पक्ष से महिला समेत 4 लोग घायल हो गए। महिला के हाथ में फ्रैक्चर है, जबकि एक युवक के सिर में गंभीर चोट है। सभी को इलाज के लिए मायागंज में एडमिट कराया गया है। घटना बुधुचक थाना क्षेत्र के किस्मतसराय मदरसा टोला की है। घायलों में मोहम्मद मोहसिन के पुत्र मोहम्मद गुलफाम उर्फ मोहसिन, उनकी पत्नी सफीना खातून, भाई मोहम्मद शाहिद और उनकी बहन शामिल है। मारपीट का आरोप पाटादीर मोहम्मद मन्नू के पुत्र मोहम्मद इदरीस, उनकी पत्नी, चचेरा भाई मोहम्मद कैफ उर्फ छोटू पर लगाया है। पीड़िता सफीना खातून ने बताया कि सुबह करीब 8 बजे विवादित जमीन को दूसरे पक्ष के लोग घेर रहे थे। मैंने जब मना किया तो मुझे मारने लगे। बीच-बचाव करने आए पति, ननद और देवर को भी पीटा गया। हमलावरों ने लाठी-डंडे और लोहे की रॉड से हमला किया। इस दौरान घर में भी तोड़फोड़ की गई। आरोपियों ने जबरन मेरे पति की जेब से 10 हजार रुपए निकाल लिया। पुलिस में शिकायत करने पर पूरे परिवार को जान से मारने की धमकी दी गई है। आवेदन के आधार पर जांच में जुटी पुलिस वहीं, इस संबंध में बुधुचक थानेदार राहुल कुमार ने बताया कि दो गुटों में मारपीट का मामला सामने आया है। एक पक्ष ने लिखित आवेदन दिया है। जांच के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *