यूपी की बड़ी खबरें:योगी सरकार के मंत्रिमंडल का विस्तार जल्द, 30 अप्रैल तक आएगी भाजपा की नई टीम

बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी ने शुक्रवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात की। इस दौरान यूपी बीजेपी की नई टीम, योगी सरकार के मंत्रिमंडल विस्तार और राजनीतिक नियुक्तियों पर चर्चा हुई। सूत्रों के मुताबिक, प्रदेश में जल्द ही मंत्रिमंडल विस्तार और संगठन में बदलाव देखने को मिलेगा। नई टीम का ऐलान 30 अप्रैल तक हो सकता है। इससे पहले गुरुवार को पंकज चौधरी और संगठन महामंत्री धर्मपाल सिंह ने बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन और संगठन महामंत्री बीएल संतोष से मुलाकात की थी। करीब एक घंटे चली बैठक में संगठन और सरकार दोनों पर मंथन हुआ। जानकारी के अनुसार, मंत्रिमंडल विस्तार में बड़े फेरबदल की संभावना कम है। खाली पदों पर ब्राह्मण, दलित, ओबीसी और महिलाओं को प्रतिनिधित्व दिया जा सकता है। संगठन में बदलाव बड़ा होगा। नई लीडरशिप को आगे लाने की तैयारी है। कुछ मौजूदा पदाधिकारियों को हटाया जा सकता है। इनमें से कुछ को राष्ट्रीय टीम में जगह मिल सकती है। अलीगढ़ में कूलर के गोदाम में लगी आग, दमकल की 2 गाड़ियों ने 1 घंटे बाद पाया काबू अलीगढ़ के गांधी पार्क थाना क्षेत्र में शुक्रवार देर रात डीएस कॉलेज के पास एक मकान की दूसरी मंजिल पर बने कूलर गोदाम में अचानक आग लग गई। देखते ही देखते प्लास्टिक के कूलर और पंखों ने आग पकड़ ली और लपटें तेज हो गईं, जिससे इलाके में अफरातफरी मच गई। आसपास रिहायशी इलाका होने के कारण लोगों ने शोर मचाया और घरों से बाहर निकल आए। सूचना मिलते ही दमकल विभाग की दो गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और करीब एक घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। गोदाम लकी जिंदल की बेला ट्रेडर्स के नाम से संचालित है, जबकि परिवार निचले तल पर रहता है। आग लगते ही परिवार के लोग सुरक्षित बाहर निकल आए। स्थानीय लोगों ने भी बाल्टियों से पानी डालकर आग बुझाने का प्रयास किया। फायर स्टेशन ऑफिसर संजीव कुमार सिंह के मुताबिक, प्रारंभिक जांच में शॉर्ट सर्किट से आग लगने की आशंका है। घटना में कोई जनहानि नहीं हुई, लेकिन लाखों रुपए का सामान जलकर राख हो गया। फिलहाल आग लगने के कारणों और नुकसान का आकलन किया जा रहा है। पढ़ें पूरी खबर… गोरखपुर में चलती पल्सर बाइक में लगी आग, कूदकर भागा युवक, 20 मिनट में लोगों ने पाया काबू गोरखपुर में चलती पल्सर बाइक में अचानक आग लगने से हड़कंप मच गया। बाइक चला रहा युवक तुरंत कूद कर दूर खड़ा हुआ। देखते ही देखते वह धू- धू कर जलने लगी। बड़ी- बड़ी लपटों को देखकर आस पास के लोगों में अफरा- तफरी मच गई। लोग इधर -उधर भागने लगे। मौके से स्थानीय दुकानदारों ने पानी फेंक कर आग पर काबू पाया। करीब 20 मिनट तक आग धधकती रही। जिसकी वजह से बाइक के तमाम पार्ट्स जलकर बर्बाद हो गए हैं। हालांकि कोई जनहानि नहीं हुई है। यह घटना रेती रेती चौक से घंटाघर रोड की बताई जा रही है। जिसका वीडियो शुक्रवार शाम सामने आया। आग लगने के कारणों का पता नहीं लगाया जा सका है। पढ़ें पूरी खबर… पंचायत चुनाव में देरी तय, 10 जून को जारी होगी अंतिम मतदाता सूची राज्य निर्वाचन आयोग ने पंचायत चुनाव की मतदाता सूची के अंतिम प्रकाशन की तारीख फिर बढ़ा दी है। अब यह 22 अप्रैल की जगह 10 जून को जारी होगी। तारीख बार-बार बढ़ने से साफ है कि पंचायत चुनाव समय पर नहीं होंगे। ग्राम प्रधानों का कार्यकाल 26 मई तक है, जबकि सूची 10 जून को आएगी। ऐसे में सरकार को या तो ग्राम पंचायतों में प्रशासक नियुक्त करने होंगे या प्रधानों का कार्यकाल बढ़ाना होगा। जिला पंचायत अध्यक्षों (12 जुलाई) और ब्लॉक प्रमुखों (19 जुलाई) के लिए भी यही स्थिति बन सकती है। मतदाता सूची की तारीख पहले 15 जनवरी थी, जिसे बढ़ाकर 6 फरवरी, 28 मार्च, 15 अप्रैल, 22 अप्रैल और अब 10 जून कर दिया गया है। प्रदेश में 57,694 ग्राम पंचायतें, 826 विकास खंड और 75 जिला पंचायतें हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *