3 जुलाई से शुरू होने जा रही श्री अमरनाथ यात्रा से पहले रेल यातायात को सुचारु करने के प्रयास तेज हो गए हैं। उत्तर रेलवे के जम्मू मंडल रेल प्रबंधक (डीआरएम) विवेक कुमार ने वरिष्ठ अधिकारियों के साथ मिलकर रेलवे पुल संख्या 17 और पठानकोट-जम्मू रेल सेक्शन का निरीक्षण किया। बता दें, अगस्त 2025 में आई बाढ़ के चलते बन रहे पुल का कुछ हिस्सा खिसक गया था। जिससे रेल यातायात प्रभावित हो रहा था। डीआरएम ने अधिकारियों को निर्धारित समय में रिपेयर पूरी करने के निर्देश दिए। एक ट्रैक से चल रहा रेल यातायात
बता दें, पुल नंबर 17 का एक पिल्लर रावी दरिया में पिछले साल आई बाढ़ में खिसक गया था। इसके बाद से ही रेल यातायात एक ट्रैक से चल रहा है। रेलवे ने बताया कि इस निरीक्षण का मुख्य उद्देश्य पुल पर चल रहे उन्नयन कार्यों की प्रगति का आकलन करना और परिचालन सुरक्षा सुनिश्चित करना था। निरीक्षण के दौरान डीआरएम ने पुल की संरचनात्मक स्थिति और हाल ही में किए गए तकनीकी सुधारों का बारीकी से मूल्यांकन किया। उन्होंने मरम्मत कार्यों की गुणवत्ता की जांच कर अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी कार्य निर्धारित समय सीमा में पूरे किए जाएं। गुणवत्ता, सिग्नल सिस्टम और सुरक्षा मानकों का किया निरीक्षण
डीआरएम ने रेल सेक्शन पर पटरी की गुणवत्ता, सिग्नल सिस्टम और सुरक्षा मानकों का भी निरीक्षण किया। उन्होंने यात्री सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए पुल की पटरियों और अन्य महत्वपूर्ण हिस्सों के रखरखाव प्रोटोकॉल की समीक्षा की। इस दौरान डीआरएम ने वरिष्ठ अभियंताओं और कर्मचारियों को सख्त निर्देश दिए कि निर्माण गुणवत्ता में किसी भी प्रकार का समझौता न किया जाए और सुरक्षा प्रोटोकॉल का सख्ती से पालन किया जाए। निरीक्षण में मंडल के अन्य वरिष्ठ अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे। डीआरएम ने कार्य की वर्तमान गति पर संतोष व्यक्त किया और रेल संचालन की दक्षता व सुरक्षा को और बेहतर बनाने के लिए आवश्यक सुझाव दिए। कई रेलगाड़ियां जम्मू तक नहीं चल रही
अगस्त में आई बाढ़ के कारण माधोपुर-कठुआ के बीच रावी ब्रिज क्षतिग्रस्त हो गया था। इसके रिपेयर वर्क के कारण अभी तक कई ट्रेनें जम्मू तक नहीं चलाई जा रही हैं। इस कारण वंदे भारत समेत कई ट्रेनें बंद हैं। कुछ ट्रेनों को अंबाला, जालंधर सिटी या फिरोजपुर तक ही चलाया जा रहा है। दिल्ली से जम्मू-श्री माता वैष्णो देवी कटरा चलने वाली वंदे भारत एक्सप्रेस, जम्मू-तवी गरीब रथ, ऋषिकेश एक्सप्रेस ट्रेनें नहीं चल रही हैं। जम्मू मेल भी अंबाला कैंट तक चलाई जा रही है। बेगमपुरा एक्सप्रेस, अर्चना एक्सप्रेस समेत कुछ ट्रेनें जम्मू की ओर चलाई जा रही हैं।