फाजिल्का जिले के अबोहर की गली नंबर 11-12 स्थित डीके शूज शोरूम में लाखों रुपए कैश चोरी का मामला सामने आया है। दुकान में कार्यरत एक महिला कर्मचारी ने अपने सहयोगी के साथ मिलकर इस वारदात को अंजाम दिया और कैश लेकर फरार हो गई। घटना का खुलासा तब हुआ जब दुकान मालिक ने सुबह सीसीटीवी फुटेज की जांच की। नई आबादी छोटी पौड़ी निवासी दुकान मालिक राजेश कुमार ने पुलिस को दिए बयान में बताया कि उनकी दुकान पर 6-7 कर्मचारी काम करते हैं। इनमें से प्रियंका नामक युवती पिछले करीब 8 महीनों से काम कर रही थी। राजेश कुमार के अनुसार, 11 अप्रैल की रात करीब सवा 9 बजे उन्होंने रोजाना की तरह गल्ले में रखा कैश को सुरक्षित लॉक किया और दुकान बंद करके घर चले गए। सीसीटीवी फुटेज चेक करने पर पता चला कि उसी रात प्रियंका ने चोरी की इस साजिश को अंजाम दिया। दूसरे गेट से दुकान के अंदर घुसी फुटेज के अनुसार, वह पहले दुकान से घर जाने का बहाना बनाकर निकली। कुछ देर बाद वह दूसरे गेट से चुपके से वापस दुकान के अंदर दाखिल हो गई। इसके बाद वह सीढ़ियों के जरिए दूसरी मंजिल पर जाकर छिप गई और मौका मिलने का इंतजार करने लगी। सहयोगी के साथ मिलकर की चोरी जब दुकान मालिक और अन्य कर्मचारी दुकान बंद कर चले गए, तो उसने गल्ले से 2 लाख 13 हजार रुपए निकाल लिए। इसके बाद वह अपने एक सहयोगी अपने सहयोगी शंकर निवासी ठाकर आबादी गली नंबर-1 के साथ एक्टिवा पर सवार होकर फरार हो गए। 4.13 लाख रुपए रखे थे अगली सुबह जब मालिक ने गल्ला चेक किया तो 4 लाख 13 हजार रुपये में से 2 लाख 13 हजार रुपए गायब मिले। फुटेज देखने के बाद पूरे मामले का खुलासा हुआ, जिससे साफ हुआ कि यह साधारण चोरी नहीं बल्कि अंदरूनी मिलीभगत से की गई धोखाधड़ी है। पुलिस ने केस दर्ज किया सूचना मिलने पर सिटी वन पुलिस ने मामले की जांच शुरू की और साक्ष्यों के आधार पर प्रियंका तथा उसके सहयोगी शंकर निवासी ठाकर आबादी के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। पुलिस आरोपियों की तलाश में जुटी है।