अबोहर में दो दिन से लापता सिमिगो इंटरनेशनल स्कूल के 17 वर्षीय दसवीं कक्षा के छात्र का शव आज मलूकपुरा माइनर की झाल से बरामद किया गया। छात्र ने हिमाचल जाने की जिद पूरी न होने पर नहर में कूदकर आत्महत्या की थी। नर सेवा नारायण समिति के सदस्यों ने थाना नंबर दो की पुलिस की मौजूदगी में शव को नहर से बाहर निकाला। नर सेवा समिति के सदस्य बिट्टू नरूला की मदद से शव को बाहर निकाला गया। इसके बाद पुलिस ने मृतक छात्र के शव को पोस्टमार्टम के लिए सिविल अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया है। थाना नंबर दो के प्रभारी दविंदर सिंह ने बताया कि मृतक युवक की मां ने करीब दो दिन पहले बेटे के गुमशुदा होने की रिपोर्ट दर्ज करवाई थी। पुलिस प्रशासन और परिवार वाले तब से ही उसकी तलाश कर रहे थे। आज उसका शव नहर से मिला, जिसकी पहचान मृतक छात्र युवराज के भाई अनमोल ने की है। पुलिस मृतक छात्र की मां के बयानों के आधार पर आगे की कार्रवाई करेगी। हिमाचल जाना चाहता था मृतक युवक जानकारी के अनुसार, मृतक छात्र युवराज का एक दोस्त दसवीं का परिणाम अच्छा आने के बाद हिमाचल घूमने जा रहा था। युवराज भी उसके साथ जाना चाहता था, जिस पर करीब 15 से 20 हजार रुपए का खर्च आता। जब युवराज ने अपनी मां से हिमाचल जाने की जिद की, तो उन्होंने ‘माहौल अच्छा न होने’ की बात कहकर मना कर दिया। इस पर गुस्से में आकर युवराज ने नहर में कूदकर आत्महत्या कर ली। इधर सिमिगो स्कूल के संचालकों से बात करने पर उन्होंने इस घटना पर दुख जताते हुए कहा कि युवराज पढ़ाई और खेलों में बहुत बढ़िया था अभी एक दिन पहले सीबीएसई रिजलट में उसके शानदार अंक आए थे। उन्होंनें कभी भी उसके बारे में ना कुछ गलत देखा और ना ही गलत सुना था। गौरतलब है कि मृतक युवराज के माता-पिता का आपस में करीब तीन साल पहले तलाक हो चुका था, मृतक युवराज अपनी मां के साथ ही गीताजंली एनक्लेव में रहता था ओर मां ही उसे पढ़ा लिखा रही थी जब उसका दूसरा भाई अनमोल जो कि उससे बड़ा है वह अपने पिता के साथ रहता था।