करनाल शहर के कर्ण विहार इलाके में बीती रात एक युवक पर फायरिंग की सनसनीखेज घटना सामने आई। दो बाइक सवार बदमाशों ने युवक को लाइटर मांगने के बहाने से रोककर उस पर गोलियां चला दी। युवक की टांग में कई गोलियां लगी हैं, जिसे गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती कराया गया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस व एफएसएल की टीम मौके पर पहुंच गई और मौके से सबूत एकत्रित किए और जांच शुरू कर दी। सेक्टर-16 से पीछा करते हुए पहुंचे बदमाश करनाल निवासी उज्ज्वल उर्फ मोनू शीशे का काम करता है। वह रात करीब 9 बजे सेक्टर-16 से अपनी स्कूटी पर घर लौट रहा था। इसी दौरान बाइक सवार दो बदमाशों ने उसका रास्ता रोकने की कोशिश की, लेकिन वह वहां से निकल गया। बताया जा रहा है कि उसी समय से बदमाश उसका पीछा कर रहे थे। लाइटर मांगकर रोका, फिर बरसाई गोलियां जैसे ही उज्ज्वल कर्ण विहार इलाके में पहुंचा, बदमाशों ने उसे फिर रोका और लाइटर मांगा। जैसे ही वह रुका, बदमाशों ने उसकी टांग पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। करीब 4 से 5 राउंड फायर किए गए और वारदात को अंजाम देकर आरोपी मौके से फरार हो गए। मौके पर मिले खोल, खून के निशान घटना के बाद आसपास के लोगों ने युवक को अस्पताल पहुंचाया। रात करीब एक बजे पुलिस को सूचना मिली। सेक्टर-32-33 थाना पुलिस और एफएसएल टीम मौके पर पहुंची। जांच के दौरान पुलिस को गोलियों के खोल बरामद हुए। घटनास्थल पर युवक की चप्पल अलग-अलग जगहों पर मिली और खून के निशान भी बिखरे हुए पाए गए। रंजिश का कारण स्पष्ट नहीं उज्ज्वल के एक जानकार के अनुसार, मोनू ने बताया कि उसके साथ कर्ण विहार में पहले हाथापाई हुई और फिर गोलियां मारी गईं। हालांकि अभी तक हमले के पीछे की वजह साफ नहीं हो पाई है। सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस सेक्टर-32-33 थाना के सब इंस्पेक्टर निरंजन ने बताया कि उज्ज्वल उर्फ मोनू की टांग पर करीब 5 राउंड फायर किए गए हैं, आरोपी मौके से फरार हैं। पुलिस को करीब एक बजे सूचना मिली, जिसके बाद टीम मौके पर पहुंची। एफएसएल टीम ने भी सबूत जुटाए हैं। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है, ताकि आरोपियों की पहचान हो सके। पुलिस का कहना है कि जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।