लुधियाना में छात्राओं की सुरक्षा और ट्रैफिक व्यवस्था को मजबूत करने के लिए पुलिस ने सख्ती बढ़ा दी है। सोमवार को सराभा नगर स्थित सेक्रेड हार्ट कॉन्वेंट स्कूल के बाहर विशेष चेकिंग अभियान चलाया गया। स्कूलों के बाहर ईव-टीजिंग रोकने के लिए संदिग्धों पर भी पुलिस पैनी नजर रख रही है। यह कार्रवाई पुलिस कमिश्नर स्वपन शर्मा के निर्देशों पर की गई। ड्राइव का नेतृत्व एडीसीपी ट्रैफिक गुरप्रीत कौर पुरेवाल ने किया। 32 वाहन चालकों के चालान किए। ट्रैफिक पुलिस की टीमों ने स्कूल के बाहर सघन जांच अभियान चलाया और नियम तोड़ने वालों पर तुरंत कार्रवाई की। बिना वजह खड़े लोगों को चेतावनी
अभियान के दौरान कुल 32 चालान किए गए, जबकि एक वाहन को जब्त किया गया। पुलिस ने अलग-अलग ट्रैफिक उल्लंघनों पर कार्रवाई की। स्कूल के आसपास ईव-टीजिंग रोकने के लिए पुलिस ने संदिग्ध लोगों पर नजर रखी। बिना वजह खड़े लोगों को चेतावनी दी गई ताकि छात्राओं को सुरक्षित माहौल मिल सके। मॉडिफाइड साइलेंसर पर हुई कार्रवाई
तेज आवाज और पटाखों जैसी ध्वनि करने वाले मॉडिफाइड साइलेंसर वाली बाइकों की जांच की गई। ऐसे वाहनों पर सख्त कार्रवाई करते हुए चालान काटे गए। स्कूल के बाहर खड़े रेहड़ी-फड़ी वालों की भी जांच की गई, ताकि युवाओं को कोई नशीला या अवैध सामान न बेचा जा सके। छात्रों को सुरक्षित और भयमुक्त माहौल देना उदेश्य: एडीसीपी ट्रैफिक एडीसीपी ट्रैफिक गुरप्रीत कौर पुरेवाल ने कहा कि पुलिस का मुख्य उद्देश्य छात्रों को सुरक्षित और भयमुक्त माहौल देना है। उन्होंने कहा कि इस तरह के सरप्राइज चेक आगे भी शहर के अलग-अलग शैक्षणिक संस्थानों के बाहर जारी रहेंगे। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि ट्रैफिक नियमों का पालन करें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि या छेड़छाड़ की जानकारी तुरंत हेल्पलाइन पर दें।