सोनीपत में बुजुर्ग किसान पर तेंदुए का हमला:गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती; खेत में काम करने गया, वाइल्डलाइफ टीम अलर्ट

सोनीपत जिले के एक गांव में उस समय दहशत फैल गई जब सुबह खेत में काम करने गए एक बुजुर्ग किसान पर तेंदुए ने अचानक हमला कर दिया। हमले में किसान गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसके बाद उसे तुरंत एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया। तेंदुए के हमले के बाद न केवल पीड़ित परिवार बल्कि आसपास के गांवों में भी भय का माहौल बन गया है। सूचना मिलते ही पुलिस, फॉरेस्ट विभाग और वाइल्डलाइफ टीम मौके पर पहुंची और इलाके में सर्च अभियान शुरू कर दिया गया। फिलहाल, तेंदुए की तलाश जारी है और ग्रामीणों को सतर्क रहने की चेतावनी दी गई है।
खेत में पहुंचते ही किया हमला गांव नांदनौर निवासी सुनील ने बताया कि उसके पिता धर्मपाल (60) रोजाना की तरह सुबह करीब 6 बजे घर से खेत के लिए निकले थे। करीब 6:30 बजे जैसे ही वे खेत में पहुंचे, अचानक एक तेंदुए ने उन पर हमला कर दिया। यह हमला इतना अचानक था कि धर्मपाल को संभलने का मौका तक नहीं मिला। तेंदुए के हमले के बाद मौके की अलग-अलग तस्वीर देखिए…
शरीर के कई हिस्सों पर किए गए वार परिजनों के अनुसार तेंदुए ने धर्मपाल की गर्दन, कमर, छाती और बाजू सहित शरीर के कई हिस्सों पर हमला किया। हमले में वे गंभीर रूप से घायल हो गए। घायल अवस्था में उन्होंने शोर मचाया, जिसके बाद आसपास के लोग मौके पर पहुंचे। धर्मपाल की चीख-पुकार सुनकर जब आसपास के लोग मौके पर पहुंचे तो तेंदुआ वहां से भाग गया। घटना के बाद पूरे इलाके में हड़कंप मच गया और लोगों में डर का माहौल बन गया। पुलिस और वन विभाग ने संभाला मोर्चा घटना की सूचना तुरंत पुलिस को दी गई। मुरथल थाना पुलिस मौके पर पहुंची और हालात का जायजा लिया। साथ ही फॉरेस्ट विभाग और वाइल्डलाइफ टीम को भी सूचित किया गया, जिसके बाद संयुक्त रूप से सर्च ऑपरेशन शुरू किया गया।
फुटप्रिंट से तेंदुए की पुष्टि फॉरेस्ट विभाग के रेंज अधिकारी नरेश ने बताया कि मौके पर तेंदुए के फुटप्रिंट मिले हैं, जिससे यह स्पष्ट हो गया है कि हमला तेंदुए ने ही किया है। उन्होंने बताया कि एक पेड़ के नीचे मिले निशानों से इसकी पुष्टि हुई है। रेस्क्यू टीम ने आसपास के गांवों और यमुना नदी के किनारे दूर-दूर तक सर्च अभियान चलाया, लेकिन अभी तक तेंदुए का कोई सुराग नहीं मिला है। करीब 25 सदस्यों की टीम लगातार इलाके में खोजबीन कर रही है। तेंदुए को पकड़ने के लिए लगाए गए पिंजरे वाइल्डलाइफ टीम ने तेंदुए को पकड़ने के लिए इलाके में पिंजरे लगाए हैं। टीम में शामिल डॉक्टर खासा को भी मौके पर बुलाया गया है, जो तेंदुए के मिलने पर उसे बेहोश कर सुरक्षित पकड़ने का प्रयास करेंगे। ग्रामीणों को दी गई सतर्क रहने की सलाह फॉरेस्ट विभाग ने ग्रामीणों को चेतावनी दी है कि वे रात और सुबह के समय अकेले खेतों में न जाएं। कम से कम तीन-चार लोगों के साथ ही खेतों की ओर जाएं और शोर करते हुए निकलें, ताकि किसी जंगली जानवर के हमले से बचा जा सके। गांव में मुनादी, दहशत का माहौल घटना के बाद गांव में मुनादी करवा दी गई है ताकि सभी लोग सतर्क रहें। तेंदुए की मौजूदगी की आशंका के चलते पूरे इलाके में डर का माहौल बना हुआ है। वहीं, घायल किसान धर्मपाल का एक निजी अस्पताल में इलाज चल रहा है। डॉक्टरों की निगरानी में उनका उपचार जारी है और उनकी हालत पर लगातार नजर रखी जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *