गुरुग्राम में पत्नी सोनम की हत्या करने के बाद पति दीपक द्वारा सुसाइड करने के मामले में चौंकाने वाला खुलासा हुआ है। पुलिस इन्वेस्टिगेशन के दौरान पता चला कि दीपक ने सोनम को दूसरे व्यक्ति से वॉट्सएप पर वीडियो कॉल करते देख लिया था। इसके बाद दोनों के बीच खूब झगड़ा हुआ। दीपक को करीब छह महीने से पत्नी के व्यवहार पर शक हो रहा था। मोबाइल कॉल डिटेल्स की जांच में एक अज्ञात नंबर से सोनम की बार-बार बातचीत और वॉट्सएप पर लंबी वीडियो कॉल्स सामने आईं, तो उसका शक और बढ़ गया। वह कई बार सोनम से इस बारे में पूछ चुका था, लेकिन वह हमेशा यह कहते ही मना कर देती कि ऐसा कुछ नहीं है। रविवार (19 अप्रैल) को दीपक जब वह अलवर से गुरुग्राम आया तब भी उसकी पत्नी सोनम रसोई में खाना बनाते समय किसी से वीडियो कॉल पर बात कर रही थी। यह देख बौखलाए दीपक ने पीछे से सोनम की चुन्नी पकड़ ली और जब तक उसकी सांसे नहीं थम गई, उसने गला दबाए रखा। पुलिस की जांच में अब तक क्या-क्या नई बातें सामने आईं… एक घंटे तक मम्मी-पापा की लाश के साथ रहा बेटा मृतका सोनम की बहन संगीता ने बताया कि रविवार (19 अप्रैल) की शाम वह बाहर से घर लौटी तो उसने सोनम को कॉल किया, लेकिन कोई जवाब नहीं मिला। इसके बाद उसने करीब साढ़े छह बजे अपनी बड़ी बेटी को सोनम के घर भेजा। 14 वर्षीय भतीजी जब अंदर पहुंची तो उसने किचन में सोनम को मृत हालत में पड़ा देखा, जिसे देखकर उसकी चीख निकल गई। घर के अंदर छह साल का बेटा टीवी देख रहा था। मौसेरी बहन ने जब उससे पूछा तो उसने बताया कि मम्मी-पापा लड़ रहे थे, इसलिए वह बाहर चला गया था। हालांकि, दोनों की मौत के बाद वह फिर से घर के अंदर आ गया और टीवी देखने लगा। पुलिस ने मोबाइल, चुन्नी और फंदा जांच के लिए भेजे पुलिस जब मौके पर पहुंची तो सोनम और दीपक के शव अलग-अलग स्थानों पर पड़े थे। सोनम किचन में सिर के बल पड़ी थी, जबकि दीपक पास के कमरे में फंदे से लटका हुआ था। उसकी आंखें और जीभ बाहर निकली हुई थीं और पैर हवा में झूल रहे थे। सोनम की गर्दन पर चुन्नी से गला घोंटने के स्पष्ट निशान थे और चुन्नी भी गले में ही पड़ी थी। फॉरेंसिक टीम ने दोनों के मोबाइल, चुन्नी और फांसी के फंदे सहित अन्य सामान को कब्जे में लेकर जांच के लिए भेज दिया है। फिलहाल पुलिस ने इस मामले में लव ट्रायंगल की पुष्टि नहीं की है, लेकिन इस एंगल से भी जांच जारी है। आठ साल पहले की थी लव मैरिज दीपक और सोनम मूल रूप से राजस्थान के अलवर जिले के चावर कॉलोनी, खुडानपुरी रोड के रहने वाले थे। आठ साल पहले सोनम ने अपने पति को छोड़ कर दीपक से लव मैरिज कर ली थी। घरवालों के नाराज होने से वे दोनों लगभग 7 वर्ष पहले गुरुग्राम आए थे। दीपक टैक्सी चलाकर परिवार की कमाई करता था, जबकि सोनम एक प्राइवेट ऑटोमोबाइल कंपनी में काम करती थी। अलवर में किया दोनों का संस्कार परिजन दोनों के शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए अलवर लेकर गए। वहां दोनों का एक साथ ही संस्कार किया गया। छह साल का बेटा फिलहाल अपने मौसा और मौसी के पास है। वह सेक्टर 9 के एक स्कूल में सेकेंड क्लास में पढ़ता है। हालांकि, उसे सही से ये भी नहीं पता कि उसके मम्मी पापा अब इस दुनिया में नहीं रहे। जब वह पूछता है तो परिवारवाले बोलते हैं कि वो दोनों घूमने गए हैं। —————————— ये खबर भी पढ़ें…. गुरुग्राम में पत्नी की हत्या कर पति ने फांसी लगाई:शराब पीने पर टोकने से झगड़ा हुआ; 11 साल पहले लव मैरिज की थी हरियाणा के गुरुग्राम में एक युवक ने अपनी पत्नी की गला घोंटकर हत्या कर दी। इसके बाद खुद ने भी फांसी लगा ली। दोनों के शव किराए के घर में मिले। इनका बेटा दूसरे कमरे में खेल रहा था। सूचना मिलते ही पुलिस की टीमें मौके पर पहुंची और दोनों शव कब्जे में लेकर अस्पताल में भिजवा दिए। (पूरी खबर पढ़ें) बच्चा बोला- मेरे सामने पापा ने मम्मी का गला घोंटा:गुरुग्राम में पत्नी के चरित्र पर शक करता था पति; हत्या कर खुद फांसी लगाई गुरुग्राम में पत्नी सोनम की हत्या करने के बाद फांसी लगाने वाले दीपक को लेकर नया खुलासा हुआ है। सोनम की बहन का कहना है कि सोनम ने अपने पति को छोड़कर दीपक से लव मैरिज की थी। करीब छह महीने पहले दीपक सोनम के चरित्र पर शक करने लगा था। इसी बात को लेकर मार्च में वह घर छोड़कर चला गया था। (पूरी खबर पढ़ें)