कैथल के होटल में पुलिस की रेड:14 लड़कियां और लड़के मिले, चेतावनी देकर छोड़ा, बोले-दोबारा यहां दिखे तो बख्शा नहीं जाएगा

कैथल में सनसिटी के सामने पुलिस ने एक होटल में रेड की। रेड के दौरान होटल में 14 लड़के और लड़कियां कमरों में पाए गए। हालांकि रेड के दौरान बाहर से लड़कियां अथवा महिलाओं को बुलाकर देहव्यापार करवाने जैसा काम तो नहीं पाया गया। लेकिन आधा दर्जन से ज्यादा प्रेमी जोड़े वहां पर मिले। पुलिस ने सभी को कमरों से बाहर निकाला और चेतावनी देकर छोड़ दिया कि अगर दोबारा यहां आए तो कड़ी कार्रवाई की जाएगी। सिविल लाइन थाना एसएचओ रामनिवास ने बताया कि पुलिस को सूचना मिली थी कि सम्राट नामक के होटल में अनैतिक कार्य करवाया जा रहा है। स्कूलों की नाबालिग लड़कियों के साथ लड़के होटल में आते हैं। सिविल लाइन थाना और महिला थाना की संयुक्त टीम होटल में पहुंची और छापेमारी की। एसएचओ बोले- दोबारा यहां दिखे तो बख्शा नहीं जाएगा जांच के दौरान ऐसी कोई लड़की मौके पर नहीं मिली, जो नाबालिग हो। मौके पर मिले लड़कों और लड़कियों को समझाया और चेतावनी दी गई कि दोबारा यहां न दिखें। अगर यहां आए तो बख्शा नहीं जाएगा, कड़ी कार्रवाई होगी। एसएचओ ने लड़कों और लड़कियों को कहा कि ऐसे काम करेंगे तो एक ओर परिवार की बदनामी होगी और दूसरी ओर कानूनी कार्रवाई होगी। वहीं होटल मालिक को भी पुलिस की ओर से चेतावनी दी गई कि होटल में कोई गैर कानूनी कार्य न करवाए, नहीं तो उस पर कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *