रोहतास के रामूडीह में उत्क्रमित उर्दू मध्य विद्यालय में 4 थैलियों में मांस मिला है। इसका वजन 7 किलो से ज्यादा है। गांव वालों का आरोप है कि ये गोमांस है जो मिड-डे-मील के नाम पर बच्चों को खिलाया जाता था। इस स्कूल में हिंदू और मुस्लिम दोनों समुदायों के बच्चे पढ़ते हैं। एक क्लासरूम में काले रंग की पॉलिथीन में मांस मिला है। जानकारी मिलते ही बड़ी संख्या में स्कूल परिसर में ग्रामीणों की भीड़ जुट गई। स्कूल में पढ़ने वाले बच्चों के पेरेंट्स ने प्रिसिंपल मोहम्मद अनवर समेत 5 टीचर पर मिड डे मिल में गो मांस परोसने का आरोप लगाया है। मामला सामने आने के बाद 2 महिला टीचर्स समेत 5 लोगों को सस्पेंड कर दिया गया है। अब सिलसिलेवार तरीक से जानिए पूरा घटनाक्रम… हंगामा से जुड़ी तस्वीरें देखिए… सुबह स्कूल खुलते ही सामने आया मामला ग्रामीण रमेश ने बताया, बुधवार सुबह मैं अपने-अपने बच्चों को स्कूल छोड़ने आया था। इसी दौरान कुछ बच्चे अपने नाक-मुंह पर हाथ रखकर बाहर निकलने लगे। उन्हें बाहर निकलता देख मैंने पूछा क्या हुआ है? उन लोगों ने इशारा करते हुए जवाब दिया- उस कमरे से दुर्गंध आ रही है। इसपर जब मैं और कुछ बच्चों के पेरेंट्स कमरे के पास गए तो देखा वहां कोने में काले रंग की चार प्लास्टिक थैलियां रखी हैं। थैलियों के अंदर मांस था। इसके बाद हमलोगों ने स्कूल में हंगामा शुरू कर दिया। मामले की खबर गांव में फैलते ही लोग स्कूल की ओर दौड़ पड़े। थोड़ी ही देर में स्कूल परिसर में सैकड़ों ग्रामीण जमा हो गए। लोगों ने आरोप लगाया कि यह बच्चों के मिड-डे मील या अन्य तरीके से इस्तेमाल करने की साजिश हो सकती है। हालांकि, इस दावे की पुष्टि अब तक किसी अधिकारी ने नहीं की है। ग्रामीणों ने की शिक्षकों की गिरफ्तारी की मांग घटना से नाराज ग्रामीणों ने स्कूल के प्रिंसिपल मोहम्मद अनवर समेत 5 टीचर पर गंभीर आरोप लगाए हैं। लोगों का कहना था कि पूरे मामले की निष्पक्ष जांच होनी चाहिए। दोषियों पर कड़ी कार्रवाई की जाए। स्थिति इतनी तनावपूर्ण हो गई थी कि करीब 3 घंटे के लिए स्कूल परिसर के बाहर नारेबाजी और विरोध प्रदर्शन हुआ था। 5 मुस्लिम टीचर सस्पेंड स्कूल में कुल 200 स्टूडेंट्स पढ़ते हैं। इसमें 125 हिंदू और 75 मुस्लिम बच्चे शामिल हैं। वहीं स्कूल में कुल 7 शिक्षक हैं। इसमें प्रिंसिपल अख्तर अली समेत कुल 5 मुस्लिम शिक्षक मोहम्मद ईमान, अनवर खान, सूफिया खातून और हिना कौसर शामिल हैं। जबकि 2 शिक्षक हिंदू समुदाय से हैं। प्रखंड संसाधन केंद्र से जारी पत्र के अनुसार प्रशासनिक कार्रवाई करते हुए दोनों हिंदू शिक्षकों को डेपुटेशन पर दूसरे स्कूल भेज दिया है। वहीं, दूसरी ओर 5 मुस्लिम शिक्षकों को निलंबित कर दिया गया है। प्रशासन और पुलिस ने संभाला मोर्चा घटना की जानकारी मिलते ही विक्रमगंज के SDM प्रभात कुमार मौके पर पहुंचे। उनके साथ स्थानीय पुलिस बल भी स्कूल परिसर में पहुंचे। बढ़ते तनाव को देखते हुए अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती की गई। अधिकारियों ने ग्रामीणों को समझाने का प्रयास किया और भरोसा दिलाया कि पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराई जाएगी। प्रशासन ने लोगों से कानून हाथ में न लेने और शांति बनाए रखने की अपील की। स्थिति को नियंत्रित करने के लिए स्कूल परिसर और आसपास के इलाके में पुलिस गश्त बढ़ा दी गई है। FSL टीम ने मांस का सैंपल लिया रोहतास SP रोशन कुमार ने बताया, मामले को गंभीरता से लिया गया है। मौके से बरामद संदिग्ध मांस के नमूने जब्त कर फॉरेंसिक साइंस लैब (FSL) भेजे जा रहे हैं। जांच रिपोर्ट आने के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि बरामद मांस किस जानवर का है। बिना रिपोर्ट के किसी निष्कर्ष पर पहुंचना उचित नहीं होगा। पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है। कुछ संदिग्ध लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ भी की जा रही है। शिक्षा विभाग भी करेगा जांच मामले को लेकर शिक्षा विभाग ने भी अलग से जांच शुरू कर दी है। जिला शिक्षा प्रशासन ये पता लगाने की कोशिश कर रहा है कि स्कूल परिसर के कमरे में संदिग्ध मांस कैसे पहुंचा, किसने रखा और इसका उद्देश्य क्या था। अगर जांच में स्कूल कर्मियों या किसी अन्य व्यक्ति की भूमिका सामने आती है, तो विभागीय कार्रवाई भी की जा सकती है।