‘मैं बहुत परेशान हूं, कुछ गलत कर दूंगा’:कानपुर में बेटियों की हत्या करने से पहले पिता ने दोस्त को कॉल की थी, पुलिस को मिले रिकॉर्ड

यार मैं बहुत परेशान हूं। कुछ समझ नहीं आ रहा है क्या करूं, कुछ गलत कर दूंगा। ये बातें दो बेटियों की हत्या करने वाले आरोपी पिता ने अपने दोस्त से कहीं। जब दोस्त ने पूछा कि क्या समस्या है। रुपए-पैसे की कोई दिक्कत है, तो आरोपी ने कहा नहीं रुपए की कोई दिक्कत नहीं है। करीब 15 मिनट तक दोनों के बीच बातचीत हुई। बिहार के रहने वाले दोस्त ने जल्द कानपुर आने की बात कही थी। कॉल डिटेल मिलने के बाद पुलिस ने दोस्त से पूछताछ कि और उसे कानपुर आने के लिए कहा। उसने आने से इनकार कर दिया। कहा- मेरे दोस्त ने इतना गंदा काम किया है। जेल भी चला गया तो आने का कोई फायदा नहीं है। पुलिस ने बुधवार शाम को आरोपी के परिजनों से करीब 4 घंटे पूछताछ की, लेकिन कोई ठोस उत्तर निकल कर सामने नहीं आया है। अब जानिए पूरा मामला… पिता ने 11 साल की जुड़वां बेटियों की हत्या की थी किदवई नगर में रविवार तड़के 45 साल के शशि रंजन मिश्रा ने अपनी 11 साल की जुड़वां बेटियों की गला रेतकर हत्या कर दी थी। पुलिस ने आरोपी पिता को गिरफ्तार कर लिया था। अब पुलिस हत्या से जुड़ी अन्य जानकारी तलाशने में जुटी है। पुलिस ने आरोपी के फोन की कॉल डिटेल निकाली। जांच में शामिल पुलिस अधिकारी ने बताया- शशिरंजन ने बेटियों की हत्या करने से पहले अपने भाई को कॉल की थी। हालांकि तब कॉल रिसीव नहीं हुई। इसके बाद जब देर रात 1 बजे भाई ने कॉल की तो उसने नहीं उठाया। इसी दौरान पुलिस की नजर शशिरंजन की ओर से डायल किए गए एक अन्य नंबर पर पड़ी। उसमें कॉल करने पर पता चला कि वह व्यक्ति बिहार के गया का रहने वाला है। दोनों बचपन के दोस्त हैं उसने बताया- शशिरंजन मेरे बचपन का दोस्त था,। हम दोनों में गहरी दोस्ती रही है। कई बार ऐसा हुआ कि शशिरंजन के घर पर मैं एक-डेढ़ माह तक रहा। हत्याकांड से छह दिन पहले शशिरंजन ने कॉल कर कहा था कि दोस्त मैं बहुत परेशान हूं। इस पर वजह पूछी तो उसने कहा कि दिमागी उलझन है, नींद नहीं आ रही है। रुपए की किल्लत के बारे में पूछा तो शशि ने साफ इनकार कर दिया। बोला कि बस ये समझो कि हाल-चाल ठीक नहीं है। मेरे हाथों कुछ गलत हो सकता है। इस पर मैंने हिम्मत रखने की बात कही और जल्द ही कानपुर आकर मिलने का भरोसा दिया था। अब दोस्त ही चला गया तो क्या आऊं पुलिस ने शशिरंजन के दोस्त से कानपुर आने को कहा तो उसने इनकार कर दिया। कहा कि दोस्ती शशिरंजन से थी। अब उसने इतना गंदा काम कर डाला है। जेल भी चला गया तो आने का कोई फायदा नहीं है। दोस्त ने भी पत्नी से झगड़ा होने की बात कही है। हत्याकांड के बाद पत्नी के हवाले से बताया गया था कि शशिरंजन के चंडीगढ़ की लड़की से संबंध थे। हालांकि नौबस्ता इंस्पेक्टर बहादुर सिंह ने इस बात से साफ इनकार करते हुए कहा कि शशिरंजन की सोशल मीडिया चैट्स खंगाली गई हैं, उसमें चंडीगढ़ की किसी लड़की से बातचीत के साक्ष्य नहीं मिले हैं। बुधवार शाम नौबस्ता पुलिस त्रिमूर्ति अपार्टमेंट पहुंची, इस दौरान रेशमा और उसके परिजनों से करीब चार घंटे तक विस्तार से बातचीत की। हालांकि कोई ठोस उत्तर निकल कर सामने नहीं आया है। ……………….. ये खबर भी पढ़ें 30 साल की एक्ट्रेस दिव्यांका सिरोही की मौत:गाजियाबाद में घर में चक्कर खाकर गिरीं, 50 से ज्यादा हरियाणवी गानों में काम किया हरियाणवी एक्ट्रेस दिव्यांका सिरोही (30) का निधन हो गया। 21 अप्रैल (मंगलवार) की देर रात गाजियाबाद स्थित घर पर उनकी अचानक तबीयत बिगड़ गई। वह चक्कर खाकर जमीन पर गिर गईं। इससे उनके सिर पर गहरी चोट लग गई। पढ़ें पूरी खबर…

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *