यमुनानगर में ठेकेदार की पिटाई से मजदूर की मौत:शराब की बोतल गिरने पर हुआ झगड़ा, पत्नी बोली- खून के बदले खून चाहिए

यमुनानगर में शराब पीते समय बोतल गिरने से हुए विवाद में ठेकेदार के पीटने से घायल प्लाईवुड फैक्ट्री के मजदूर की वीरवार को पीजीआई में इलाज के दौरान मौत हो गई। उसकी मौत का पता लगते ही परिवार के लोगों व महिलाओं एक साथ फैक्ट्री के बाहर धरना देकर बैठ गए। सूचना मिलते ही यमुनानगर सदर थाना से पुलिस मौके पर पहुंची और परिजनों को समझाने का प्रयास किया। एक ओर जहां परिवार के लिए आर्थिक सहायता की मांग की जा रही है, तो दूसरी तरफ रोते हुए पत्नी ने कहा कि उसे खून के बदले खून चाहिए, तभी उसके पति को इंसाफ मिलेगा। वहीं, पुलिस ने आरोपी ठेकेदार उत्तर प्रदेश के जिला शामली के ऊंचा गांव निवासी मोहित को गिरफ्तार कर लिया है। डंडों से पीटा, अधमरा किया मृतक की मां रायपुर निवासी मीना ने बताया कि उसका 30 वर्षीय बेटा सतीश कुमार कृष्णा प्लाईवुड शादीपुर में नौकरी करता था। उसकी ठेकेदार मोहित के पास करीब तीन माह की 40-45 हजार रुपए पेमेंट अटकी हुई थी। रविवार को ठेकेदार मोहित ने उसे फोन कर दिहाड़ी के रुपए लेने के लिए बुलाया। इस दौरान उन दोनों के बीच पैमेंट में लेकर झगड़ा हुआ। इस दौरान वहां सतीश के हाथ से शराब की बोतल गिर गई, जिससे ठेकेदार भड़क गया और मारपीट शुरू कर दी। ठेकेदार ने खुद फोन करके कहा- बेटे को मार दिया आरोप है कि ठेकेदार ने सतीश पर चाकू और शराब की टूटी हुई बोतल से प्रहार कर अधमरा कर दिया। मीना का कहना है कि वारदात के बाद ठेकेदार ने खुद फोन कर उन्हें इसकी सूचना दी कि उसने सतीश को मार दिया है। उनका शराब की बोतल को लेकर झगड़ा हो गया था। इसके बाद वह पड़ोस की महिलाओं के साथी सीधा फैक्ट्री में पहुंची। मीना का आरोप है कि इस दौरान उन्हें सिक्योरिटी गार्ड से अंदर घुसने नहीं दिया। काफी मशक्कत के बाद वे अंदर गए तो देखा कि सतीश खून से लथपथ जमीन पर पड़ा था और उसके सिर में काफी गहरे जख्म थे। वे सतीश को तुरंत सिविल अस्पताल यमुनानगर लेकर पहुंचे जहां पर उसकी हालत गंभीर देखते हुए उसे पीजीआई चंडीगढ़ रेफर किया गया। इलाज के दौरान सतीश की बुधवार की रात को मौत हो गई। आज वीरवार की देर शाम उसका शव पीजीआई से यमुनानगर लाया गया। पत्नी बोली- खून के बदले खून चाहिए फैक्ट्री के बाहर परिजनों के साथ धरने पर बैठी सतीश की पत्नी कोमल ने कहा कि उसकी शादी को अभी 3-4 साल ही हुई थे। उसका तीन साल का बेटा है। सतीश की मौत से परिवार बिखर गया है क्योंकि सतीश के पिता की काफी समय पहले मौत हो गई थी। सतीश के सहारे ही घर चल रहा था। अब उसके चले जाने से वे बेघर हो गए हैं। कोमल ने कहा कि आरोपी की सिर्फ गिरफ्तारी से उन्हें संतुष्टि नहीं मिलेगी। उन्हें खून के बदले खून चाहिए। उसने अपना पति खोया है, और उसके मात्र तीन साल के बेटे के सिर से पिता का साया उठ गया है। उसकी सास दिव्यांग है और वह भी बीमार रहती है। सदर यमुनानगर थाना प्रभारी कमलजीत सिंह का कहना है कि आरोपित को गिरफ्तार कर लिया गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *