कुरुक्षेत्र में पुलिसकर्मी की कार ने फॉर्च्यूनर को मारी टक्कर:नशे में गाड़ी चलाने का आरोप; बोला- ऑफ ड्यूटी दारू नहीं पी सकते क्या

हरियाणा के कुरुक्षेत्र में पुलिस कॉन्स्टेबल ने नशे में धुत होकर अपनी एक फॉर्च्यूनर गाड़ी को पीछे से जोरदार टक्कर मार दी।
ठोल अनाज मंडी के पास देर रात एक बड़ा सड़क हादसा सामने आया, जिसमें एक पुलिसकर्मी पर नशे की हालत में तेज रफ्तार कार चलाने का आरोप लगा है। जानकारी के अनुसार, आरोपी पुलिसकर्मी ने करीब 150 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से कार चलाते हुए एक फॉर्च्यूनर गाड़ी को पीछे से जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि फॉर्च्यूनर करीब 20 फुट तक आगे खिसक गई और फिर आगे चल रही एक अन्य कार से जा टकराई। गनीमत यह रही कि इस हादसे में फॉर्च्यूनर में सवार आढ़ती प्रदीप कुमार और उसका ड्राइवर बाल-बाल बच गए और किसी को गंभीर चोट नहीं आई। पिंजौर में तैनात है पुलिसकर्मी आरोपी हरियाणा पुलिस में कॉन्स्टेबल है। आढ़ती द्वारा मौके पर डायल 112 पर सूचना दी गई, जिसके बाद पुलिस टीम आरोपी पुलिसकर्मी को अपने साथ थाने ले गई और आढ़ती की शिकायत के आधार पर उसके खिलाफ केस दर्ज कर लिया गया। आरोपी की पहचान टिंकू के रूप में हुई है, जो हरियाणा पुलिस में कॉन्स्टेबल के पद पर तैनात है और वर्तमान में पिंजौर में तैनात बताया जा रहा है। शिकायतकर्ता प्रदीप कुमार, निवासी पुंडरी (कैथल) ने बताया कि वह अपनी फॉर्च्यूनर गाड़ी में पंचकूला से अपने घर लौट रहा था। जैसे ही वह ठोल अनाज मंडी के पास पहुंचा, पीछे से आ रही तेज रफ्तार कार ने उसकी गाड़ी को टक्कर मार दी, जिससे उसकी कार आगे चल रही एक अन्य कार से जा भिड़ी। पुलिसकर्मी बोला– शराब पीना उसका अधिकार है हादसे के बाद जब वह कार ड्राइवर के पास पहुंचा तो वह पूरी तरह नशे में धुत था। कार की सीट पर पुलिस की वर्दी पड़ी थी, जिस पर “टिंकू” नाम लिखा हुआ था और एक आई-कार्ड भी मिला। प्रदीप कुमार के अनुसार, जब उसने आरोपी से शराब पीकर गाड़ी चलाने को लेकर सवाल किया तो उसने खुद को पुलिसकर्मी बताते हुए कहा कि उसकी ड्यूटी खत्म हो चुकी है और शराब पीना उसका अधिकार है, उसे कोई नहीं रोक सकता। पुलिसकर्मी के खिलाफ विभिन्न धाराओं में केस दर्ज इस दौरान आरोपी ने कथित तौर पर यह भी कहा कि उसके पास लाइसेंस है। इसके बाद प्रदीप ने तुरंत डायल 112 पर सूचना दी। पुलिस मौके पर पहुंची और सभी को थाने ले जाया गया। इस मामले में थाना इस्माइलाबाद पुलिस ने आरोपी पुलिसकर्मी टिंकू के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धाराओं 281, 125 और 324(4) के तहत केस दर्ज कर लिया है। जांच अधिकारी एसआई जसबीर के अनुसार, आरोपी का मेडिकल करवाने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है और मामले की जांच जारी है। पुलिस का कहना है कि जांच के आधार पर आगे की सख्त कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *