यूपी होमगार्ड भर्ती परीक्षा कल से:तीन दिन में 25 लाख युवा एग्जाम देंगे, नकल रोकने के लिए बायोमेट्रिक और ई-केवाईसी होगी

उत्तर प्रदेश में होमगार्ड के 41,424 पदों पर भर्ती के लिए लिखित परीक्षा कल यानी 25 अप्रैल से शुरू हो रही है। योगी सरकार ने इस परीक्षा को पूरी तरह पारदर्शी और नकलविहीन बनाने के लिए अभूतपूर्व सुरक्षा घेरा तैयार किया है। तीन दिनों (25, 26 और 27 अप्रैल) तक चलने वाली इस परीक्षा में करीब 25.32 लाख अभ्यर्थी हिस्सा लेंगे। परीक्षा दो पालियों में प्रदेश के 1053 केंद्रों पर आयोजित की जाएगी। सरकार ने साफ कर दिया है कि किसी भी तरह की गड़बड़ी करने वालों पर कठोर कार्रवाई की जाएगी। आधार कार्ड से ई-केवाईसी के बाद ही मिलेगा प्रवेश
भर्ती बोर्ड के अध्यक्ष डीजी एस.बी. शिरडकर ने बताया कि इस बार फर्जीवाड़े को रोकने के लिए आधुनिक तकनीक का सहारा लिया जा रहा है। परीक्षा केंद्र में घुसने से पहले हर अभ्यर्थी का आधार कार्ड के जरिए ई-केवाईसी किया जाएगा। इसके साथ ही आंखों की पुतलियों (आइरिस) का बायोमेट्रिक मिलान भी होगा। इससे कोई दूसरा व्यक्ति किसी और की जगह परीक्षा नहीं दे पाएगा। चेकिंग के लिए गेट पर मेटल डिटेक्टर लगाए गए हैं और महिला अभ्यर्थियों की जांच महिला पुलिसकर्मी अलग केबिन में करेंगी। पुलिस-प्रशासन अलर्ट, हर केंद्र पर सीसीटीवी की नजर परीक्षा की शुचिता बनाए रखने के लिए हर जिले में बड़े पुलिस अधिकारियों को जिम्मेदारी सौंपी गई है। सुरक्षा का आलम यह है कि हर 240 छात्रों पर एक इंस्पेक्टर या सब-इंस्पेक्टर की ड्यूटी लगाई गई है। परीक्षा केंद्रों की छतों, मैदानों और यहां तक कि वॉशरूम की भी सघन तलाशी ली गई है ताकि कोई इलेक्ट्रॉनिक डिवाइस न छिपाई जा सके। पूरे केंद्र और स्ट्रॉन्ग रूम की सीसीटीवी से 24 घंटे निगरानी की जा रही है। प्रश्नपत्रों को भी ‘डबल लॉक’ सिस्टम में सुरक्षित रखा गया है, जिसे खोलने के लिए अलग-अलग अफसरों की मौजूदगी जरूरी होगी। अभ्यर्थियों के लिए जरूरी नियम और सुविधाएं परीक्षार्थियों के लिए नियम काफी सख्त रखे गए हैं। केंद्र के अंदर घड़ी, मोबाइल, ब्लूटूथ या किसी भी तरह का इलेक्ट्रॉनिक सामान ले जाना पूरी तरह मना है। छात्रों को सिर्फ अपना एडमिट कार्ड, फोटो आईडी और काला या नीला पेन साथ रखने की अनुमति होगी। स्टेशनों और बस स्टैंडों पर उमड़ने वाली भीड़ को देखते हुए पुलिस का विशेष प्रबंध किया गया है। आपात स्थिति के लिए हर केंद्र के पास यूपी-112 की गाड़ियां और एम्बुलेंस तैनात रहेंगी। सोशल मीडिया पर भी नजर रखी जा रही है ताकि कोई अफवाह न फैला सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *